बिजली विभाग का कारनामा : छह दिन से 50 हजार की आबादी अंधेरे में, पानी के लिए मारामारी

सुल्तानपुर। बिजली विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के चलते पिछले छह दिनों से 250 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंका पड़ा है। जिससे करीब 50 हजार की आबादी पानी के लिए परेशान है। अधिकारियों की कारस्तानी ऐसी है कि शिकायत पर दोटूक कहते हैं कि पैसा लगाओ और ट्रांसफार्मर ले जाओ। ऐसे में उपभोक्ताओं का धैर्य जवाब देने लगा है।
जयसिंहपुर तहसील क्षेत्र के बरौंसा चैराहे पर 250 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा है। अधिक लोड के चलते छह दिन पूर्व यह ट्रांसफार्मर जल गया। भीषण गर्मी में लोग परेशान होने लगे तो अधिकारियों से इसकी शिकायत की। जिसके बाद अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब ट्रांसफार्मर उपलब्ध होगा तो लगवा दिया जाएगा। बार-बार परेशान न करो। अगर ज्यादा समस्या हो तो पैसा लगाओ तो ट्रांसफार्मर मिल जाएगा। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि बिजली की खराबी के चलते हमारा प्रतिदिन हजारों का नुकसान हो रहा है। बिजली के ना होने से फ्रिज में रखे जाने वाले सामान खराब हो जा रहे हैं। बिजली विभाग बिल का भुगतान करवाने में देरी नहीं करता, परंतु जब ट्रांसफार्मर बदलवाने की बात आती है तो आनाकानी की जाती है। इस संबंध में अधिशासी अभियंता गौरव तिवारी ने बताया कि मामला संज्ञान में है। नए ट्रांसफार्मर लगवाने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। अतिशीघ्र ट्रांसफार्मर आ जाने पर लग जाएगा।





