बारिश और तबाही के चलते पीडीपी ने टाली स्थापना दिवस की वर्षगांठ

जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश से हुई तबाही और जान-माल के नुकसान को देखते हुए पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) ने अपना स्थापना दिवस समारोह स्थगित कर दिया है। पार्टी ने 28 जुलाई को आयोजित होने वाले कार्यक्रम को फिलहाल टालने का फैसला किया है।

पीडीपी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह निर्णय पार्टी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती के निर्देश पर लिया गया है। लगातार बारिश के कारण केंद्र शासित प्रदेश में कई लोगों की जान गई है और बड़ी संख्या में संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।

पार्टी ने आपदा प्रभावित लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए कहा कि वह जम्मू-कश्मीर के लोगों, खासकर राजोरी और पुंछ में बादल फटने की घटनाओं में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के साथ खड़ी है।

Back to top button