बाबा श्याम के भक्तों के लिए साफ हुआ रास्ता, निकास मार्ग से हटे अतिक्रमण

बाबा श्याम के दरबार में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। खाटूधाम में निकास मार्ग चौड़ा करने के अभियान के तहत अतिक्रमणों पर बुलडोजर चला, जिससे पूरे क्षेत्र में हलचल मच गई।
सुप्रसिद्ध खाटूश्यामजी धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने का बड़ा अभियान चलाया। बाबा श्याम मंदिर के पीछे गुवाड़ चौक से प्रस्तावित नए निकास मार्ग तक वर्षों से बने अतिक्रमणों पर बुलडोजर चलाते हुए कई पक्के निर्माण ध्वस्त किए गए। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या और मंदिर क्षेत्र में लगने वाले जाम को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने निकास मार्ग को चौड़ा करने का निर्णय लिया है। प्रारंभिक योजना के तहत सड़क की चौड़ाई 40 फीट प्रस्तावित थी लेकिन स्थानीय लोगों से बातचीत के बाद इसे 30 फीट तक सीमित कर दिया गया। इसके बावजूद कई मकान और दुकानें निर्धारित सीमा में आ रही थीं, जिन पर कार्रवाई की गई।
प्रशासनिक टीम जैसे ही अतिक्रमण हटाने के लिए मौके पर पहुंची, पूरे क्षेत्र में हलचल मच गई। दुकानदारों और भवन मालिकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासन ने पहले प्रभावित लोगों को समझाइश दी और उसके बाद जेसीबी मशीनों की मदद से अतिक्रमण हटाने का काम शुरू किया। कार्रवाई के दौरान 3 जेसीबी मशीनें लगातार निर्माणों को तोड़ती रहीं।
कार्रवाई के दौरान कुछ व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने विरोध भी जताया। उनका कहना था कि उन्हें पर्याप्त समय नहीं दिया गया। वहीं कुछ प्रभावित लोगों ने स्वयं अतिक्रमण हटाने की सहमति भी दी। दांतारामगढ़ उपखंड अधिकारी मोनिका सामोर ने मौके पर मौजूद लोगों से संवाद कर स्थिति को शांत कराया।
प्रशासन का कहना है कि यह अतिक्रमण हटाओ अभियान का पहला चरण है। आने वाले समय में श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन निकासी और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मंदिर क्षेत्र में अन्य स्थानों पर भी कार्रवाई की जा सकती है।
अभियान के दौरान प्रशासन, नगर पालिका, बिजली विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही। पूरे दिन चली इस कार्रवाई के बाद खाटूधाम में अतिक्रमण हटाने की मुहिम चर्चा का विषय बनी रही।





