बाबा अमरनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह, सातवें जत्थे में 5124 श्रद्धालु यात्रा पर रवाना….

 बाबा अमरनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। अगले दो-तीन दिनों में यात्रा एक लाख का आंकड़ा पार कर जाएगी। अब तक करीब 70 हजार श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा में शिवलिंग के दर्शन कर लिए हैं। यात्रा के आधार शिविर यात्री निवास भगवती नगर जम्मू से शनिवार सुबह 5124 श्रद्धालुओं का सातवां जत्था 226 वाहनों में सवार होकर पहलगाम और बालटाल के लिए रवाना हुआ। बालटाल मार्ग से कुल 1994 श्रद्धालु रवाना हुए जिसमें 1518 पुरुष, 438 महिलाएं और 38 साधु शामिल थे। वहीं पहलगाम रूट से कुल 3130 श्रद्धालु रवाना हुए जिसमें 2498 पुरुष, 426 महिलाएं, 19 बच्चे और 187 साधु शामिल थे।

जम्मू में इस समय बारिश हो रही है। सुबह जब जत्था रवाना किया गया तब मौसम साफ था। जम्मू से बटोत के बीच विभिन्न जगहों पर बारिश हो रही है। पहलगाम से पवित्र गुफा मार्ग पर भी बादल छाए हुए हैं। वहीं बालटाल से पवित्र गुफा के मार्ग पर भी बादल छाए हुए हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इन दोनों मार्गों पर दोपहर बाद बारिश हो सकती है। इसके अलावा शाम को भी बारिश होने की संभवना है। मौसम को देखते हुए प्रशासन और सुरक्षाबल पूरी तरह से सतर्क होकर कदम उठा रहा है। दोनों यात्रा मार्गों पर पुलिस, सुरक्षाबल, माउंटेन रेसक्यू टीम और आइटीबीपी के जवान तैनात हैं ताकि आपदा की स्थिति में श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके।

जब से यात्रा शुरू हुई है तब से लेकर अब तक मौसम खराब होने की स्थिति, भूस्खलन, पत्थर गिरने, आक्सीजन की कमी से सांस चढ़ने व बीमार पड़ने की स्थिति माउंटेन रेसक्यू टीम व आईटीबीपी के जवानों ने 198 श्रद्धालुओं की मदद कर दोनों यात्रा मार्ग से उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। जिला प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए है।

Back to top button