बाघिन ने मजदूर को बनाया निवाला, झाड़ियों से क्षत-विक्षत हालत में मिला शव
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) के ढिकाला रेंज में सड़क की मरम्मत के बाद चौकी में लौट रहे मजदूरों की टीम पर बाघिन ने हमला कर दिया। एक मजदूर को बाघिन खींचकर झाड़ियों में ले जाने लगी तो वनरक्षक ने चार राउंड फायरिंग कर बाघिन को खदेड़ दिया। मजदूर को सरकारी अस्पताल लाया गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
यूपी के जिला बिजनौर तहसील धामपुर के गांव छजमलवाला कल्लूवाला निवासी पंकज कुमार (20) पुत्र भोपाल सिंह मजदूरी करता था। पांच अक्तूबर को वह सोनू, हुकुम सिंह, कल्याण सिंह और राजू के साथ ढिकाला रेंज के पूर्वी बीट में मजदूरी के लिए आया था।
शनिवार अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे 15 मजदूर सड़क मरम्मत के बाद वन चौकी लौट रहे थे। कमलपट्टा रोड चूहापानी बटिया के पास बाघिन ने सबसे पीछे चल रहे बिजनौर निवासी पंकज पर हमला कर दिया।
बाघिन ने पंकज के सिर, गले पर गहरे घाव कर दिए। रेंजर राजेंद्र सिंह चकरायत ने बताया कि मजदूरों के शोर मचाने पर वनरक्षक संदीप कांबोज ने चार राउंड हवाई फायरिंग की। इस पर बाघिन मजदूर को छोड़कर झाड़ियों में चली गई।





