बांग्लादेश के खिलाफ कोलंबो वनडे जीत कर श्रीलंका ने 44 महीने बाद घर में जीती पहली सीरीज…

विश्व कप 2019  श्रीलंका के लिए निराशाजनक के साथ ही कुछ हद तक दुर्भाग्यपूर्ण भी रहा. टूर्नामेंट से पहले टीम कमजोर मानी जा रही थी, लेकिन लीग मैचों इंग्लैंड को मात देकर उसने सनसनी फैला दी और खुद को सेमीफाइनल की दौड़ में ला दिया. इसके बाद बारिश के कारण रद्द हुए दो मैचों की वजह से वह सेमीफाइनल में न जा सकी. अब विश्व कप के बाद टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ (Sri Lanka vs Bangladesh) तीन वनडे मैचों की सीरीज पहले दो मैच जीत कर अपने नाम कर ली है.

2-0 से ली अजेय बढ़त
श्रीलंका ने आर प्रेमदासा स्टेडियम में रविवार को खेले गए दूसरे वनडे मैच में बांग्लादेश को सात विकेट से हराकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली. श्री बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 238 रन का स्कोर बनाया, जिसे श्रीलंका ने 44.4 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया. मेजबान श्रीलंका के लिए अविश्का फर्नाडो ने 82, एंजेलो मैथ्यूज ने नाबाद 52, कुसल मेंडिस ने नाबाद 41, कप्तान दिमुथ करुणारत्ने ने 15 और कुसल परेरा ने 30 रन बनाए.

बांग्लादेश की ओर से मुस्ताफिजुर रहमान ने दो और मेहदी हसन ने एक विकेट लिया. इससे पहले, बांग्लादेश ने मुशफिकुर रहीम के नाबाद 98 रन और मेहदी हसन के 43 रन की पारी की मदद से आठ विकेट पर 238 रन का स्कोर बनाया. इसके अलावा बांग्लादेश का कोई भी बल्लेबाज 20 रन से ज्यादा नहीं बना सका.  श्रीलंका के लिए नुवान प्रदीप, इसुरु उदाना और अकिला धनंजय ने दो-दो विकेट लिए.

लंका की अपने घर में पिछले 44 महीनों में यह पहली सीरीज जीत है. श्रीलंका ने पहला मैच 91 रनों से जीता था. यह मैच लसिथ मलिंगा का आखिरी वनडे इंटरनेशनल मैच था जिसमें उन्होंने तीन विकेट लेकर वनडे में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में भारत के अनिल कुंबले को पीछे कर अपने वनडे करियर का अंत 338 विकेटों के साथ किया.श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कुसल परेरा की शतकीय पारी के दम पर आठ विकेट के नुकसान पर 314 रन बनाए थे जिसके जवाब में बांग्लादेश की टीम 41.4 ओवरों में 223 रनों पर ही ढेर हो कर मैच हार गई थी.
Back to top button