बहराइच : तलाशी के नाम पर पुलिस ने काटा उत्पात, नगदी लूटने का आरोप, सीओ करेंगे जांच

बहराइच। नानपारा के राजा बाजार चौकी की पुलिस ने एक व्यक्ति के घर में घुसकर उत्पात मचाया। पुलिसकर्मियों पर तोड़फोड़ करते हुए अकारण परिवार की महिलाओं को पीटने और ₹80000 नगदी लूटने का भी आरोप है। एसपी ने मामले की जांच सीओ से कराकर कार्यवाही करने की बात कही है।
कोतवाली नानपारा अंतर्गत कसाई टोला निवासी मुन्सारी औऱ जैनुलनिशां ने बताया कि रात में कस्बा नानपारा व राजा बाजार पुलिस चौकी के पुलिस कर्मी तलाशी लेने के नाम पर दरवाजा तोड़ कर घर में घुस आए। तोड़फोड़ शुरू कर दिया। विरोध करने पर परिवार की महिलाओं को मारा पीटा। महिलाओं से अभद्रता भी की।
पीड़ितों का कहना है कि भैंस के अवैध कारोबार का हवाला देते हुये पैसा मांगा। पैसे न दे पाने पर घर का सारा सामान पुलिसकर्मियों ने तितर बितर कर दिया और बक्शे में रखा करीब 80 हजार रुपये पुलिस कर्मी जबरन उठा ले गए।
पीड़ितों का कहना है कि किसी प्रकार का अवैध कारोबार नहीं होता बल्कि बकरीद की कुर्बानी का थोड़ा मांस पकाने के लिए रखा था जिसकी वजह से नाजायज दबाव बनाकर पुलिस वालों ने बर्बरता की है। पीड़ितों ने मामले में एसपी से शिकायत की है। एसपी डा विपिन कुमार मिश्रा का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। सीओ से जांच करवा कर कार्यवाही की जाएगी।





