बनेगी भाजपा सरकार, सूबे को लूटने वाले जाएँगे जेल: प्रदेश अध्यक्ष केशव मौर्य

keshav-prasad-maurya_1462563268भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष केशव मौर्य ने दावा किया कि यूपी में इस समय वही माहौल है जो 2014 के आम चुनाव के वक्त था। उन्होंने उम्मीद जताई है कि सूबे में पार्टी को 265 सीटें मिलेंगी।

वहीं, उन्होंने यह भी कहा कि 2017 में प्रदेश में भाजपा सरकार बनेगी। सरकार बनने के बाद सूबे को लूटने वालों को जेल भेजा जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और बसपा दोनों महाभ्रष्ट हैं। मुलायम और मायावती ने प्रदेश को लूटा है। इन्हें किसी भी सूरत में माफ नहीं किया जाएगा।

अयोध्या जाने के सवाल पर मौर्य ने कहा कि  उनमें कोई बदलाव नहीं आया है। वह कल भी रामभक्त थे, आज भी हैं और कल भी रहेंगे। शनिवार को वह गोरखपुर जा रहे हैं। रास्ते में अयोध्या है,  इसलिए अपने आराध्य का भी आशीर्वाद लेंगे। यह मामला सियासत का नहीं, श्रद्धा का है।

चुनाव में सपा और बसपा का भ्रष्टाचार और भाजपा सरकारों का विकास प्रमुख एजेंडा होगा। मौर्य शुक्रवार को पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।

मौर्य के अनुसार, प्रदेश में 2014 जैसा माहौल है। कार्यकर्ता उत्साहित हैं। सपा और बसपा दोनों की नाव में छेद हो चुका है। चुनाव में दोनों की नाव डूबेंगी। कांग्रेस भी कठघरे में है। जिन्हें भाजपा की सरकार बनने पर भरोसा नहीं हो रहा है, उन्हें 2017 में यह नजर आ जाएगा।

 
उन्होंने कहा, विधान परिषद के स्थानीय प्राधिकारी क्षेत्र की सीटों के चुनाव के आधार पर भाजपा के भविष्य का आकलन नहीं किया जा सकता। विधानसभा चुनाव में भाजपा को सूबे में 265 से अधिक सीटें मिलेंगी। भाजपा की छवि और मोदी सरकार के काम इस आंकड़े तक भाजपा को पहुंचाएंगे।

अखिलेश बताएं, केंद्र से कितना धन मिला
केशव ने कहा कि प्रदेश सरकार संकट पर भी सियासत करती है। मुख्यमंत्री को केंद्र से मिले धन का ब्योरा जनता के सामने सार्वजनिक करना चाहिए। बताना चाहिए कि यह धन कहां और कितना खर्च किया गया।

यह भी बताना चाहिए कि किसानों की मदद के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लिए बीमा कंपनी अभी तक क्यों नहीं तय हो पाई है।

राहत वितरण में काफी भ्रष्टाचार और भेदभाव किया गया है। गरीबों और किसानों की मदद में भी बेईमानी की गई है। चुनाव में भाजपा यह सब जनता को बताएगी।

Back to top button