बनारस बार एसोसिएशन चुनाव को प्रत्याशियों ने किया नामांकन…

वाराणसी। अधिवक्ताओं के महत्वपूर्ण संगठन बनारस बार तथा सेंट्रल बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया गुरुवार को समाप्त हो गयी। दोनों बार में अध्यक्ष व महामंत्री समेत विभिन्न पदों पर कई प्रत्याशियों ने समर्थकों के हुजूम संग नामांकन किया तो कइयों ने बिना तामझाम के ही नामांकन दाखिल किया। सेंट्रल बार में सबसे अधिक प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। नामांकन पत्र दाखिल करने के साथ ही प्रत्याशियों ने अपना चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। 

बनारस बार का चुनाव कराने के लिए गठित वरिष्ठ समिति के अध्यक्ष अमरनाथ शर्मा के अनुसार अध्यक्ष पद पर सात, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर चार व महामंत्री पद पर सात प्रत्याशियों समेत 23 पदों पर 56 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। शुक्रवार को नामांकन पत्रों की जांच व नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों की वास्तविक संख्या स्पष्ट हो सकेगी। इसके साथ ही उनके नामों की सूची जारी की जाएगी। वरिष्ठ समिति ने सभी प्रत्याशियों से अपील की है कि वह परिसर में लगे अपने बैनर-पोस्टर तथा कटआउट को 15 दिसम्बर तक परिसर से हटा लें अन्यथा उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।

दूसरी ओर सेंट्रल बार एसोसिएशन में भी नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद नामांकन पत्रों की जांच पूरी कर ली गयी है। चुनाव संचालन के लिए गठित वरिष्ठ समिति के अध्यक्ष दीनानाथ सिंह ने बताया कि अध्यक्ष पद पर 10, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर 4 तथा महामंत्री पद पर 10 प्रत्याशियों समेत कुल 24 पदों पर 87 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। नामांकन पत्रों की जांच में चार प्रत्याशियों के पर्चे वैध न पाए जाने पर उनका नामांकन खारिज़ कर दिया गया। शुक्रवार को नाम वापसी के बाद ही प्रत्याशियों के संख्या की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। बनारस बार का मतदान 20 दिसंबर तथा मतगणना 21 दिसंबर को होगी जबकि सेंट्रल बार में मतदान 22 दिसंबर को तथा मतगणना 23 दिसंबर को संपन्न होगा।

Back to top button