बढ़ती कीमतों के बीच डीजल की किल्लत, पीलीभीत में फ्यूल पंपों पर लगी कतार

पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच पीलीभीत जिले में कई स्थानों पर पंपों पर ईंधन पर्याप्त मात्रा में न होने से किसान परेशान हैं। कई पंपों पर डीजल की कमी बताई जा रही है। न्यूरिया में फिलिंग पेट्रोल पंप पर शनिवार सुबह डीजल लेने के लिए किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। इतनी भीड़ पहुंच गई कि संचालक को लाइन लगवानी पड़ी। सेल्समैन ने लाइन लगाकर किसानों को डीजल दिया।
न्यूरिया क्षेत्र में रसोई गैस एजेंसियों पर लंबी कतारों के बाद डीजल संकट भी गहराने लगा है। न्यूरिया क्षेत्र के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर डीजल की किल्लत शुरू हो गई है। शनिवार सुबह से ही न्यूरिया फिलिंग पेट्रोल पंप पर वाहन चालकों और किसानों की भीड़ देखने को मिली। हालात यह हैं कि डिपो से फ्यूल पंपों पर डीजल पहुंचने के कुछ ही घंटों में पूरा स्टॉक समाप्त हो जा रहा है, जिससे वाहन चालकों और किसानों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं।
23 मई को पेट्रोल-डीजल का रेट
पेट्रोल मूल्य- 99.75
डीजल मूल्य- 93.11
एक्स्ट्रा प्रीमियम- 108.36
एक दिन पूर्व का रेट
पेट्रोल मूल्य- 98.89
डीजल मूल्य- 92.19
एक्स्ट्रा प्रीमियम- 107.50
किसानों की बढ़ी चिंता
ईंधन की बढ़ती कीमतों के बीच डीजल की किल्लत होने से किसानों की चिंता और बढ़ गई है। क्योंकि धान रोपाई का समय भी नजदीक आ गया है। खेतों में ट्रैक्टर, पंपसेट और अन्य कृषि उपकरणों के संचालन के लिए डीजल की मांग अचानक बढ़ गई। पर्याप्त आपूर्ति न मिलने से किसान असमंजस की स्थिति में हैं। किसानों का कहना है कि यदि जल्द सप्लाई सामान्य नहीं हुई तो खेती-किसानी का कार्य प्रभावित हो सकता है।
बड़े वाहनों के चालक भी परेशान
मालवाहक और बड़े वाहनों के चालक भी संकट से जूझ रहे हैं। लंबी दूरी तय करने वाले वाहन चालकों को सीमित मात्रा में ही डीजल मिल पा रहा है, जिससे बीच रास्ते में डीजल खत्म होने का डर बना हुआ है। कई चालक लगातार पेट्रोल पंपों के चक्कर लगाकर डीजल उपलब्धता की जानकारी ले रहे हैं।
क्षेत्र में न्यूरिया फिलिंग पेट्रोल पंप, जय हनुमान फिलिंग स्टेशन और राम जानकी फिलिंग स्टेशन सहित करीब आधा दर्जन पेट्रोल पंप संचालित हैं। अधिकांश पंपों पर डीजल की मांग सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक बताई जा रही है।
सीमित मात्रा में मिल रहा डीजल
न्यूरिया फिलिंग पेट्रोल पंप के स्वामी मुजीब अहमद ने बताया कि डिपो से सीमित मात्रा में ही डीजल उपलब्ध हो पा रहा है। पहले मांग करने पर एक दिन में ही डीजल मिल जाता था, लेकिन पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बाद स्थिति बदल गई है। अब मांग भेजने के दो से तीन दिन बाद सप्लाई मिल पा रही है। उधर मांग अधिक होने के कारण डीजल आते ही कुछ घंटों में स्टॉक समाप्त हो जा रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि आपूर्ति में लगातार देरी होती रही तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
डीजल न मिलने से किसान परेशान
डीजल लेने पहुंचे किसान मुकेश ने बताया कि किल्लत को देखते हुए पेट्रोल पंपों पर भीड़ लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को डीजल नहीं मिल पाया था, लेकिन शनिवार को डीजल मिलने से धान रोपाई का काम पूरा हो सकेगा। वहीं किसान मोहम्मद कमर ने बताया कि डीजल को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। पंपों पर सप्लाई आने के कुछ घंटों के भीतर ही स्टॉक समाप्त हो जा रहा है, जिससे किसानों और वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।





