यौन शोषण पर माधुरी बोलीं- ”फेमस लोगों का पता चल जाता है लेकिन अनजान चेहरों का क्या ”?

पिछले साल भारत में #MeToo अभियान ने काफी लोगों को ध्यान अपनी ओर खींचा था। इस खास अभियान के जरिए फिल्म इंडस्ट्री में मौजूद कई मशहूर हस्तियों का असली चेहरा सामने आया। #MeToo में कई ऐसे बड़े नाम सामने आए, जिन्होंने सभी को हैरान कर दिया। इस अभियान को लेकर कई फिल्मी सितारे अपनी प्रतिक्रिया देते रहते हैं।

अब बॉलीवुड की शानदार एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित ने #MeToo अभियान पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। हाल ही में माधुरी दीक्षित एक मीडिया इवेंट में पहुंची। यहां उनसे महिलाओं के यौन शोषण के बारे में कई सवाल किए गए। इस दौरान माधुरी दीक्षित ने #MeToo अभियान का जिक्र करते हुए महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण और सोसाइटी की बात की।

उन्होंने कहा कि केवल फिल्म इंडस्ट्री में ही नहीं हर एक इंडस्ट्री में हमें महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने की जरूरत है। बहुत सी ऐसी महिलाएं हैं जिन्हें रोजाना बस-ट्रेन और अन्य सार्वजनिक जगहों पर उत्पीड़न का शिकार होना पड़ता है। मशहूर चेहरों का आसानी से पता चल जाता है।

माधुरी आगे कहती हैं कि, ‘अगर आरोपी फेमस चेहरा होता हैं तो उसके बारे में सब जान जाते हैं, लेकिन उनका क्या जो चेहरे जाने पहचाने नहीं है और महिलाओं का उत्पीड़न करते हैं ? हमें महिलाओं को अच्छा माहौल देने के अलावा लोगों को शिक्षित करने की भी जरूरत है ताकि वह महिलाओं की सुरक्षा के लिए हमेशा निडर होकर लड़ाई करें। ‘

आपको बता दें कि #MeToo अभियान के जरिए बॉलीवुड अभिनेत्री तनुश्री दत्ता सहित कई एक्ट्रेस ने फिल्म इडस्ट्री में काम कर रहे अपने सहयोगियों पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। इस लिस्ट में नाना पाटेकर, आलोक नाथ, कैलाश खेर सहित और भी कई बड़े नाम शामिल हैं।