फिर बढ़ी कांग्रेस की मुसीबत, पायलट के समर्थन में लग गई इस्तीफों की लाइन

जयपुर। राजस्थान में चल रही सियासी जंग के बीच अब बहुत सारे कांग्रेस के पदाधिकारी सचिन पायलट के समर्थन में खड़े हो गए हैं। खबर है कि राज्य में पार्टी के कई नेता पायलट के समर्थन में इस्तीफा दे चुके हैं। पूरे राज्य से करीब तीन सौ नेताओं के इस्तीफे सामने आ गए हैं।
बता दें कि मंगलवार को सचिन पायलट को कांग्रेस ने राजस्थान के डिप्टी सीएम और प्रदेश अध्यक्ष पद से हटा दिया है। इसके बाद से प्रदेश भर में करीब 300 पदाधिकारियों के इस्तीफे सामने आए हैं। इनमें कुछ जिलों-ब्लॉकों के अध्यक्ष भी शामिल हैं। इसके बाद कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ने की बात कही जा रही है।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी से करीब 30 पदाधिकारियों के इस्तीफे के बाद प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय ने प्रदेश कार्यकारिणी, समस्त विभागों, प्रकोष्ठ को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष की नियुक्ति के साथ ही नए प्रदेश कार्यकारिणी, विभागों एवं प्रकोष्ठों का गठन किया जाएगा।
पांडेय ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की अनुमति के बिना कोई भी कांग्रेसजन मीडिया से संवाद नहीं करेगा।
इसी कड़ी में अब राजस्थान में एनएसयूआई के अध्यक्ष अभिमन्यु पूनिया ने भी इस्तीफा दे दिया है। अभिमन्यु पूनिया ने कहा कि सचिन पायलट को कांग्रेस ने तवज्जो नहीं दी। वहीं राजस्थान पीसीसी ने पूनिया का इस्तीफा मंजूर कर अभिषेक चौधरी को राजस्थान एनएसयूआई का नया अध्यक्ष बना दिया है।
वहीं अभिमन्यू के साथ-साथ एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पीसीसी के मौजूदा सदस्य अनिल चोपड़ा ने भी इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि सचिन पायलट की बदौलत ही राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनी है।
उन्होंने कहा कि सचिन पायलट ने पार्टी को आगाह किया है। अगर समय रहते कांग्रेस नहीं संभली तो सरकार का गिरना तय है। इसके साथ ही चौपड़ा ने यह भी कहा कि गहलोत सरकार के में प्रदेश में कोई विकास कार्य नहीं हुआ है।
मालूम हो कि सचिन पायलट को पद से हटाने के बाद से कांग्रेस में इस्तीफों की झड़ी लग गई है। इससे पहले कांग्रेस पार्टी की टोंक इकाई के 59 पदाधिकारियों ने डिप्टी सीएम और राजस्थान पीसीसी चीफ के रूप में सचिन पायलट को हटाने के विरोध में अपना इस्तीफा दे दिया है। वहीं सचिन पायलट के समर्थक पीसीसी सचिव प्रशांत सहदेव शर्मा और राजेश चौधरी भी अपने पद से इस्तीफा चुके हैं।





