प्रॉफिट में बढ़ोतरी और डिविडेंड की घोषणा के बावजूद लुढ़का यूनियन बैंक का शेयर

सार्वजनिक क्षेत्र के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (Union Bank of India Q4 Results) का प्रॉफिट 2025-26 की चौथी तिमाही में सालाना आधार पर 6.64 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,316 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी (जनवरी-मार्च) तिमाही में बैंक का शुद्ध लाभ 4,985 करोड़ रुपये था। बैंक ने गुरुवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में शुद्ध ब्याज आय या मुख्य आय सालाना आधार पर 1.14 प्रतिशत घटकर 9,406 करोड़ रुपये रह गई।

कुल आय में आई गिरावट
कुल आय घटकर 31,851.15 करोड़ रुपये रह गई जो जनवरी-मार्च 2025 में 32,752.67 करोड़ रुपये थी। बैंक की एसेट क्वालिटी में हालांकि सुधार हुआ। ग्रॉस एनपीए (जीएनपीए) जनवरी-मार्च तिमाही में घटकर 2.82 प्रतिशत रह गईं, जो एक साल पहले 3.6 प्रतिशत थीं।

डिविडेंड का भी किया एलान
नतीजों के अलावा बैंक के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 10 रुपये अंकित मूल्य वाले प्रत्येक शेयर पर पांच रुपये के लाभांश की सिफारिश की है। यह भुगतान शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन है।

शेयर में आई भारी गिरावट
प्रॉफिट में बढ़ोतरी और डिविडेंड के एलान के बावजूद आज यूनियन बैंक के शेयर में भारी गिरावट आई है। करीब ढाई बजे BSE पर इसका शेयर 8 फीसदी गिरकर 178.50 रुपये पर है। सुबह बैंक का शेयर 194 रुपये के पिछले क्लोजिंग भाव के मुकाबले 195 रुपये पर खुला था।

Back to top button