प्रेमी-प्रेमिका ने की पंखे से लटककर आत्महत्या…

पंजाब के चंडीगढ़ में प्रेमी-प्रेमिका ने आत्महत्या कर ली है। इस प्रेमी जोड़े ने होटल के कमरे में पंखे से लटककर जान दे दी। होटल ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को पंखे से उतारा और जीएमएसएच-16 की मोर्चरी में रखवाकर मामले की सूचना दोनों के परिजनों को दी। वारदात का पता उस वक्त चला जब वेटर शनिवार सुबह कमरे में नाश्ता देने पहुंचा।

मृतकों की पहचान मौलीजागरां निवासी विजय भीम (20) और 17 वर्षीय किशोरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों ने होटल के कमरे में एक साथ खुदकुशी की है। आत्महत्या के कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस रविवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों शवों को परिजनों के हवाले करेगी। होटल प्रबंधन के मुताबिक, दोनों ने शुक्रवार सुबह होटल बुक किया था। घटना शनिवार सुबह करीब 11 बजे की है।

पुलिस को सूचना मिली कि स्वागत होटल के कमरा नंबर-107 में प्रेमी जोड़े ने पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली है। मौके पर सेक्टर-36 थाना प्रभारी रणजोध सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे। इसके बाद दोनों के शवों को फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों ने बीते शुक्रवार सुबह करीब होटल की दूसरी मंजिल पर कमरा बुक कराया था।

अगली सुबह होटल कर्मी ने दोनों को चाय-नाश्ता देने के लिए कई बार रूम का दरवाजा खटखटाया, लेकिन किसी ने भी अंदर से दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद जब दरवाजा खोलकर देखा गया तो दोनों के शव पंखे से लटक रहे थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटनास्थल से पुलिस को कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

Back to top button