प्रियंका बोलीं- राम सबके हैं, तो सीएम योगी ने कहा- आखिर यह सद्बुद्धि पहले क्यों नहीं आई

लखनऊ। अयोध्या में आज श्रीराम मंदिर का भूमिपूजन पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न हो गया। हालांकि कोरोना वायरस के कारण कार्यक्रम को एक सीमित दायरे में रहकर पूरा किया गया। बता दें कि कार्यक्रम में करीब 200 मेहमान शामिल हुए।
वहीं इस कार्यक्रम पर कई राजनीतिक पार्टियों के नेताओं ने भी अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। जहां एक तरफ कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राम मंदिर के भूमिपूजन का स्वागत किया तो वहीं पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि राम सबके हैं।
वहीं इसके बाद प्रियंका गांधी के ‘राम सबके हैं’ वाले बयान पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। सीएम योगी ने कहा कि प्रियंका गांधी और कांग्रेस को यह सद्बुद्धि पहले क्यों नहीं आई।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राम सबके हैं, यह हम बहुत पहले से कहते आए हैं। यह सद्बुद्धि उस वक्त आनी चाहिए थी, जब यहां पर कुल लोगों के पूर्वजों ने रामलला की मूर्तियों को हटाने की कोशिश की थी। आखिर कौन लोग थे, जो अयोध्या में रामलला का मंदिर नहीं चाहते थे।
योगी ने कहा कि वो कौन लोग थे जो कह रहे थे कि हम गर्भगृह से 200 मीटर दूर शिलान्यास करेंगे। वहां पर कुछ नहीं होना है। विवादित ढांचे में कुछ नहीं करना है। हम सभी लोगों को बुलाना चाहते थे। कोरोना के प्रोटोकॉल के कारण सीमित संख्या में लोगों को बुलाना था। साधु-संत इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने चाहते थे। इस पूरे कार्यक्रम में करीब 200 मेहमान आ पाए।





