पेट दर्द का इलाज कराने अस्पताल पहुंची महिला, लेकिन अल्ट्रासाउंड में निकला कुछ ऐसा…

राजधानी स्थित सिविल अस्पताल में एक महिला छह महीने तक पेट दर्द की परेशान से झूझने के बाद पहुंची। डॉक्टरों ने पीडि़ता का अल्ट्रासाउंड कराया। रिपोर्ट देख सभी हैरान रह गए। महिला की बच्चेदानी व पेशाब नली के पास सात किलो का ट्यूमर निकला। डॉक्टरों ने एक जटिल ऑपरेशन कर मरीज को सुरक्षित किया। दो घंटे चले ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत ठीक है। डॉक्टरों के मुताबिक, मरीज आयुष्मान भारत योजना की लाभार्थी है। लिहाजा, मरीज का ऑपरेशन निश्शुल्क किया गया।

बाराबंकी निवासी सुनीता (45) को छह महीने से पेट में दर्द की शिकायत थी। पीडि़ता ने अल्ट्रासाउंड करवाया तो पता चला कि उसकी बच्चेदानी व पेशाब नली के पास काफी बड़ा ट्यूमर है। 31 जुलाई को उसे ऑपरेशन के लिए भर्ती किया गया। सिविल अस्पताल के सर्जरी विभाग के डॉ. आरके गौतम ने बताया कि शुक्रवार को डॉक्टर आरके गौतम की टीम ने दो घंटे ऑपरेशन कर बच्चेदानी सहित सात किलो का ट्यूमर निकाल दिया।

डॉ. गौतम का कहना है कि ऐसे केस में पेशाब नली के पास ट्यूमर फैल जाता है, जहां ऑपरेशन करना बेहद मुश्किल होता है। हालांकि, ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत ठीक है। सुधार होने के बाद उसे घर भेज दिया जाएगा। वहीं, अस्पताल के अधीक्षक, डॉ. आशुतोष दुबे ने बताया कि मरीज आयुष्मान भारत योजना की लाभार्थी है। निजी हॉस्पिटल में इस ऑपरेशन में करीब पचास हजार रुपये का खर्च आता।

इन्होंने किया ऑपरेशन

डॉ. आरके गौतम ने बताया कि ऑपरेशन में एनेस्थीसिया विभाग के डॉ. विवेक द्विवेदी, डॉ. मुकुल गुप्ता ने मिलकर ऑपरेशन किया। इसमें स्टाफ नर्सों का भी योगदान रहा।

Back to top button