पेंगोंग झील में स्टंट पड़ा भारी: ऑफ-रोडिंग करने वालों पर कार्रवाई

लद्दाख प्रशासन ने पेंगोंग झील और अन्य संरक्षित वन्यजीव क्षेत्रों में अवैध ऑफ-रोडिंग करने वाले चार पर्यटकों पर कुल 2 लाख रुपये का जुर्माना लगाया और उनके वाहन जब्त किए।

लद्दाख प्रशासन ने पर्यावरण नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करते हुए चार पर्यटकों पर कुल 2 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। इन पर्यटकों पर संरक्षित वन्यजीव क्षेत्रों और पेंगोंग झील में अवैध रूप से ऑफ-रोडिंग करने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार प्रत्येक वाहन मालिक पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। ये पर्यटक हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, पंजाब और उत्तर प्रदेश से संबंधित बताए गए हैं। सभी मामलों में कार्रवाई वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम के तहत की गई है।

अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई पहली बार इतनी सख्ती से की गई है। उल्लंघन करने वाले वाहनों को पहले जब्त किया गया था और जुर्माना भरने के बाद ही छोड़ा गया।

ये मामले सोशल मीडिया और नियमित गश्त के दौरान सामने आए, जिनमें कुछ वाहन पेंगोंग झील, नुरबू ला और नुब्रा घाटी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में चलते पाए गए।

लद्दाख के उपराज्यपाल ने पर्यटकों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान जिम्मेदारी से व्यवहार करें और संरक्षित क्षेत्रों में किसी भी तरह की गतिविधि से बचें, क्योंकि इससे पर्यावरण और वन्यजीवों को नुकसान पहुंचता है।

Back to top button