पुरुष अंडर-23 वन-डे ट्रॉफी में उत्तराखंड ने पहली बार चखा जीत का स्वाद

पुरुष अंडर-23 वन-डे ट्रॉफी में उत्तराखंड ने हैदराबाद को पांच विकेट से हराकर पहली जीत का स्वाद चखा। इसके अलावा हरियाणा ने त्रिपुरा को आठ विकेट से और छत्तीसगढ़ ने हिमाचल प्रदेश को चार विकेट से हराया।
देहरादून में 31 अक्टूबर से पुरुष अंडर-23 वन-डे ट्रॉफी में इलीट ग्रुप सी के मैच खेले जा रहे हैं। अभिमन्यु क्रिकेट ऐकेडमी में हैदराबाद व क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के बीच मुकाबला खेला गया। इसमें हैदराबाद ने पहले खेलते हुए 30 ओवर में छह विकेट खोकर 80 रन बनाए। इस दौरान बारिश के आने से मैच को रोका गया। 
इसके बाद वीजेडी नियम से उत्तराखंड को जीत के लिए 30 ओवर में 93 रनों का लक्ष्य मिला। उत्तराखंड ने तुषार सकलानी की नाबाद 49 रनों की पारी के दम पर मुकाबले को 26.2 ओवर में ही 93 रन बनाकर पांच विकेट से जीत लिया। अबतक खेले गए चार मैचों में यह उत्तराखंड की पहली जीत है।
.jpg)
हरियाणा की आठ विकेट से जीत
तनुष क्रिकेट ऐकेडमी में हरियाणा और त्रिपुरा के बीच मैच खेला गया। जिसमें त्रिपुरा ने पहले खेलते 42.3 ओवर में 116 रन बनाए। इस दौरान बारिश आने से मैच रोका गया। त्रिपुरा के लिए बिक्रम भजन ने 30 व अरुप नानीगोपाल ने 19 रन बनाए।
जवाब में खेलने उतरी हरियाणा को वीजेडी नियम से 30 ओवर में जीत के लिए 109 रन का लक्ष्य मिला। जिसे हरियाणा ने 24.2 ओवर में दो विकेट खोकर 109 रन बनाकर मुकाबले को जीत लिया। टीम के लिए शुभम सिंह ने 54 व मोहित समशेर ने 23 रन बनाए।
छत्तीसगढ़ चार विकेट से विजयी
कासिगा स्कूल के मैदान पर छत्तीसगढ़ व हिमाचल प्रदेश के बीच मुकाबला खेला गया। जिसमें हिमाचल प्रदेश ने पहले खेलते हुए 35 ओवर में तीन विकेट खोकर 172 रन बनाए। इस दौरान बारिश के आने से मैच को रोका गया। हिमाचल के लिए शुभम गिरीश 45, सिद्धांत राजीव ने 35 व रवि इंदर ठाकुर ने 33 रन बनाए।
बारिश के बाद खेलने उतरी छत्तीसगढ़ को जीत के लिए वीजेडी नियम से 20 ओवर में 153 रनों का लक्ष्य मिला। जिसे छत्तीसगढ़ ने एक गेंद शेष रहते 19.5 ओवर में छह विकेट खोकर 153 रन बनाकर मुकाबले को चार विकेट से जीत लिया।





