पुणे में क्लोरीन गैस रिसाव से हड़कंप, सांस लेने में परेशानी के बाद 24 लोग अस्पताल में भर्ती

पुणे के कोंढवा इलाके में देर रात बंद पड़े प्लांट के एक टैंक से क्लोरीन गैस लीक हो गई, जिससे आसपास के लोगों में सांस लेने में दिक्कत होने लगी। घटना में 22 निवासी और दो दमकलकर्मी प्रभावित हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।

पुणे के कोंढवा इलाके में गुरुवार देर रात क्लोरीन गैस के रिसाव से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में कम से कम 22 स्थानीय निवासी और दो दमकलकर्मी प्रभावित हुए, जिन्हें सांस लेने में दिक्कत की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया।

गोदाम से लीक हुई क्लोरिन गैस
दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, गैस रिसाव की घटना रात करीब 1 बजे गंगाधाम इलाके में एक बंद पड़े जल शुद्धिकरण संयंत्र के गोदाम में हुई। यहां रखे एक पुराने टैंक से क्लोरीन गैस लीक होने लगी, जिससे आसपास के इलाके में गैस फैल गई।

लोगों को हुई सांस लेने में परेशानी
गैस फैलते ही आसपास के लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कई लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, वहीं विशेष सुरक्षा उपकरणों की मदद से लीक हो रहे टैंक को सील किया गया।

राहत कार्य के दौरान 22 स्थानीय निवासी और दो दमकलकर्मी गैस के संपर्क में आने से प्रभावित हुए। सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों ने बताया कि सभी घायलों को ससून जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।

जांच में क्या आया सामने?
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि जिस जगह से गैस लीक हुई, वहां पहले एक जल शुद्धिकरण संयंत्र संचालित होता था। संयंत्र संचालक के अनुसार, प्लांट को पहले ही हटाया जा चुका था, लेकिन क्लोरीन से भरा टैंक वहीं छोड़ दिया गया, जो समय के साथ खराब होकर लीक करने लगा।

फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और प्रशासन ने पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। घटना की जांच जारी है, ताकि लापरवाही के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Back to top button