पिता के मरने के बाद LKG की बच्ची और पत्नी ने लगा ली फांसी

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में एक पूरे परिवार के जान देने का मामला सामने आया है. पहले पति ने नई दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेशन पर मेट्रो ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी. शाम को पत्नी ने भी अपनी पांच साल की मासूम बेटी के साथ फांसी के फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली.

सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया. घटना के पीछे की वजह का पता नहीं चल सका है. पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है. मृतक परिवार मूल रूप से तमिलनाडु के चेन्नई का निवासी है. मृतक पति 33 वर्षीय भरत जे गोल्डन टिप्स चाय कंपनी में जनरल मैनेजर के पद पर तैनात था.

यह भी पढ़ें: प्याज की कीमतों को लेकर अब आ रही राहत भरी खबर, सुनकर उछल पड़ेंगे आप

जानकारी के अनुसार भरत सितंबर माह में ही अपनी पत्नी और बच्ची के साथ नेपाल के काठमांडू से यहां शिफ्ट हुआ था. वह गोल्डन टिप्स टी कंपनी से पहले नेपाल में बिग मार्ट शॉपिंग मॉल में नौकरी करता था. भरत की पत्नी शिवरंजनी हाउसवाइफ थीं और बेटी KG की छात्रा थी. भरत जे का भाई कार्तिक जे साकेत नई दिल्ली में स्थित किसी कोचिंग सेंटर से पायलट के कोर्स के लिए तैयारी कर रहा है.

भरत ने शुक्रवार को जवाहर लाल नेहरू मेट्रो स्टेशन पर शुक्रवार की सुबह करीब 11:30 बजे मेट्रो ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना पाकर पत्नी, देवर और बेटी के साथ राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंची. पति की मौत से आहत पत्नी ने अस्पताल से घर लौटने के बाद बेटी के साथ फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली. पत्नी के आत्महत्या करने की घटना शाम करीब 7.30 बजे की बताई जा रही है.

सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने तहकीकात शुरू कर दी है. शुरुआती जांच के बाद परिवार में किसी तरह के तनाव की बात से पुलिस ने इनकार किया है. भरत और उनकी पत्नी ने इस तरह का कदम क्यों उठाया, इसकी तहकीकात की जा रही है.

Back to top button