पाकिस्‍तान कर रहा है नई तैयारी, लेकिन आईपीएल के चलते सफल होना मुश्किल

नई दिल्‍ली। इस साल में ऑस्‍ट्रेलिया में होने वाला टी20 वर्ल्‍डकप रद्द हो चुका है। ऐसे में अब आईपीएल के लिए रास्‍ता पूरी तरह से साफ हो चुका है, हालांकि इसके बाद पाकिस्‍तान भी नई कोशिश में लग गया है। दरअसल पीसीबी का कहना है कि टी20 वर्ल्‍डकप के रद्द होने के बाद उनके पास भी काफी समय है। इसलिए वे दूसरे क्रिकेट बोर्ड से बातचीत कर रहे हैं, जिससे कोई बाइलेट्रल सीरीज करवा पाएं।

इसको लेकर पीसीबी के सीईओ वसीम खान ने कहा कि हम सितंबर- अक्टूबर की विंडो का फायदा लेना चाहेंगे जो टी20 वर्ल्‍ड कप के स्थगित होने की वजह से बन रही है। इस वक्त हम कई क्रिकेट बोर्ड के साथ बातचीत कर रहे हैं क्योंकि पाकिस्तान टीम के पास काफी वक्त होगा। हम इंतजार कर रहे हैं स्थिति के बेहतर होने का क्योंकि ये वक्त जल्दबाजी में फैसले लेने का नहीं है।
खान ने आगे कहा कि बाकी देश भी पाकिस्तान में अपनी टीम भेजने से पहले स्थिति को देखेंगे। ये फैसला किसी के लिए भी आसान नहीं होगा। कोरोना की स्थिति साउथ अफ्रीका में भी खतरनाक स्तर पर पहुंच चुकी है। उनके साथ सीमित ओवर सीरीज भी कंफर्म नहीं हुई है। हम उनके साथ कई मुद्दों पर बात कर रहे हैं। अगस्त के आखिर तक हम इस मामले में कोई फैसला ले लेंगे।
जहां एक ओर पाकिस्तान टी20 वर्ल्‍ड कप टलने के बाद द्विपक्षीय सीरीज खेलने की तैयारी कर रहा है, तो वहीं दूसरी और बीसीसीआई पहले ही कह चुका है कि वो आईपीएल के लिए सिंतबर-नवंबर विंडो देख रहा था। बस इंतजार था कि पहले आईसीसी टी20 वर्ल्‍ड कप पर फैसला कर ले। अब वो इंतजार भी खत्म हो चुका है और आईपीएल के आयोजन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
ऐसे में आईपीएल में विदेशी खिलाड़ी भी खेलते हुए नजर आएंगे। तो फिर अपने बड़े खिलाड़ियों के बिना कैसे कोई टीम पाकिस्तान के खिलाफ बाइलेट्रल सीरीज के लिए हामी भरेगी। इसके अलावा दुनिया भर के क्रिकेट फैंस आईपीएल के दीवाने हैं। तो उस वक्त पर अगर कोई और सीरीज होती है तो उसके हिट होने की उम्मीद ना के बराबर होगी।

Back to top button