पाकिस्तान में टमाटर हुआ 300 रुपये किलो ठहराया भारत को महंगाई का जिम्मेदार

पाकिस्तान (Pakistan) के एक वरिष्ठ मंत्री ने खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों के लिए भारत के साथ व्यापार रद्द होने को जिम्मेदार ठहराया है. पाकिस्तान में टमाटर के दाम 300 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गए हैं. आर्थिक मामलों के मंत्री हमाद अजहर ने मंगलवार शाम को यह टिप्पणी उस समय की जब प्रधानमंत्री इमरान खान की आर्थिक मामलों की टीम के वरिष्ठ सदस्य ताजा आर्थिक हालात के बारे में मीडिया को संबोधित कर रहे थे.

महंगाई का जिम्मेदार भारत को ठहराया
डॉन अखबार की एक खबर के अनुसार, अजहर ने कहा कि आसमान छूती कीमतें खासतौर से खाद्य महंगाई भारत के साथ व्यापार रद्द होने से पैदा हुई और इसमें मौसमी तत्व तथा बिचौलियों की भी भूमिका है. उन्होंने कहा कि केंद्र सस्ता बाजार लगाने के लिए प्रांतीय सरकार के साथ इस मामले पर विचार कर रहा है. उन्होंने कहा कि महंगाई जनवरी-फरवरी से कम होना शुरू होगी.

यह टिप्पणियां तब आई हैं जब टमाटर के दाम 300 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गए हैं जिससे लोग परेशान हो गए हैं क्योंकि यह उनके भोजन की अहम सामग्री है. पाकिस्तान ने 5 अगस्त को भारत द्वारा जम्मू- कश्मीर का विशेष दर्जा हटाए जाने के बाद उसके साथ कूटनीतिक संबंध कम कर दिए और व्यापार निलंबित कर दिया.

Back to top button