पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए वेस्टइंडीज ने किया टीम का एलान

वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान के खिलाफ खेली जाने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए अपनी टीम का एलान कर दिया है। इस टीम में एक तूफानी गेंदबाज को जगह नहीं मिली है। वहीं एक युवा स्पिनर को पहली बार टीम में मौका दिया है।
वेस्टइंडीज 25 जुलाई से अपने घर में पाकिस्तान की मेजबानी करेगा। पहला टेस्ट मैच टारूबा में 29 तारीख तक खेला जाएगा। वहीं, दूसरा टेस्ट मैच दो से छह अगस्त के बीच पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला जाएगा।
इस खिलाड़ी को नहीं मिली जगह
पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए अल्जारी जोसेफ को टीम में जगह नहीं मिली है। जोसेफ मौजूदा आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में अपनी टीम के लिए सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी रहे हैं। हालांकि, दाएं हाथ का ये बल्लेबाज शनिवार से शुरू हो रही सीरीज में निजी कारणों से दिखाई नहीं देगा।
उनके न होने से बाएं हाथ के स्पिनर जोशुआ बिशॉप को टीम में जगह मिली है। वह पहली बार टीम में आए हैं। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रभावित किया है और इसी कारण उन्हें टीम में जगह मिली है। वहीं, फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अच्छा करने वाले टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज कर्क मैकेंजी की भी टीम में वापसी हुई है।
इस खिलाड़ी को गंवानी पड़ी जगह
श्रीलंका के खिलाफ हाल ही में खेली गई टेस्ट सीरीज में वेस्टइंडीज ने 1-0 से जीच हासिल की थी। इस सीरीज में टीम का हिस्सा रहे एंडरसन फिलिप को टीम से बाहर कर दिया गया है। श्रीलंका को हरा वेस्टइंडीज आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप में आठवें स्थान पर आ गई है और अब उसकी कोशिश पाकिस्तान के खिलाफ दमदार प्रदर्शन कर अपनी स्थिति बेहतर करने की है।
वेस्टइंडीज की टीम-: रोस्टन चेज (कप्तान), जोमेलो वारिकेन (उप-कप्तान), जोशुआ बिशॉप, तेगनारायण चंद्रपॉल, जोशुआ डी सिल्वा, जस्टिन ग्रीव्स, कावेम हॉज, शे होप, आमिर जांगू, शामार जोसेफ, ब्रेंडन किंग, कर्क मैकेंजी, कीमो पॉल, केमार रोच, जेयन सील्स।





