पश्चिम बंगाल : आपस में ही भिड़ गए तृणमूल कांग्रेस के दो गुट, अंधाधुंध चले बम और गोलियां

आरामबाग (हुगली)। जिले के आरामबाग थाना अंतर्गत हरिनखोला इलाके में गुरुवार को तृणमूल कांग्रेस के दो गुट आपस में भिड़ गए। इस दौरान जम के बमबाजी हुई और अंधाधुंध गोलियां चली। इस घटना में एक तृणमूल कार्यकर्ता की मौत हो गई जबकि तकरीबन छह कार्यकर्ता घायल बताए जा रहे हैं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार लंबे समय से इलाका दखल को लेकर हरिनखोला पंचायत प्रधान लालटू खान और जिला परिषद के सभाधिपति महबूब रहमान के भाई परवेज रहमान के गुट में तनाव था जो गुरुवार को हिंसा का रूप ले लिया।
लालटू खान का आरोप है कि परवेज अपने समर्थकों के साथ आज भोलताजपुर इलाके में पहुंचा और लालटू के समर्थकों पर हमला किया। इस दौरान जमके बमबाजी हुई और कई राउंड गोलियां चली। परवेज के समर्थकों द्वारा चलाई गई गोलियों से ही इसराइल खान उर्फ चंदन नामक एक कार्यकर्ता की मौत हो गई। साथ ही छह लोग घायल भी हो गए।
जब पुलिस ने इलाके में घुसने की कोशिश की तो स्थानीय लोगों ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद एसडीपीओ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल इलाके में पहुंचा। इलाके में पुलिस पिकेट बिठा दी गई है। पुलिस पूरे इलाके पर नजर रखी हुई है। तीन घायलों को आरामबाग महकमा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
तृणमूल कांग्रेस के हुगली जिलाध्यक्ष दिलीप यादव ने कहा कि इस घटना की खबर उन्हें मिली है और वे घटनास्थल पर पहुंचे। इस घटना के बारे में वह प्रदेश नेतृत्व के साथ बात करेंगे।





