पद्मभूषण स्वामी सत्यमित्रानंद ने दिया बड़ा बयान, कहा राम मंदिर नहीं बना तो त्याग देंगे देह

पद्मभूषण स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी महाराज ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण न होने पर देह त्याग करने का एलान किया है। उन्होंने कहा कि छह दिसंबर से राम मंदिर का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो वह आमरण अनशन करेंगे।पद्मभूषण स्वामी सत्यमित्रानंद ने दिया बड़ा बयान, कहा राम मंदिर नहीं बना तो त्याग देंगे देह

आज भारत माता मंदिर के संस्थापक स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी महाराज हरिद्वार में मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा कि अगर राम मंदिर निर्माण का रास्ता जल्द प्रशस्त नहीं किया गया तो वे अपनी देह का त्याग कर देंगे।

उन्होंने कहा कि अगर केंद्र सरकार ने राम मंदिर निर्माण के लिए कोर्इ रास्ता नहीं निकाला तो वे छह दिसंबर से हर की पैड़ी पर अनिश्चितकालीन अनशन शुरू कर देंगे। इस संबंध में बिल पास होना चाहिए।

अब जनता ही तय करेगी राम मंदिर निर्माण की तिथि : योगी  

वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े सभी प्रमाण कोर्ट को उपलब्ध करा दिए गए हैं। इसके बावजूद निर्णय होने में देरी हो रही है। अब जनता ही राम मंदिर निर्माण की तिथि घोषित करेगी। उन्होंने अयोध्या में 6 नवंबर को बड़े पैमाने पर दीपोत्सव मनाने की घोषणा की।  योगी आदित्यनाथ पतंजलि योगपीठ फेज दो के सभागार में चल रहे दो दिवसीय ज्ञानकुंभ के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि राम मंदिर को लेकर जनता हमसे सवाल पूछती है। हकीकत यह है कि इस बारे में सभी प्रमाण उपलब्ध करा दिए गए हैं। फिर भी न्यायालय से निर्णय लेने में देरी की जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शीघ्र ही राम मंदिर निर्माण को लेकर सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।  
 

सभी को भगवान राम के नाम पर एक दीप दीपावली पर जलाना चाहिए

सीएम योगी आदित्यनाथ अपने संबोधन में कहा कि दो हजार वर्ष पूर्व अयोध्या की राजकुमारी का साउथ कोरिया के राज कुमार के साथ विवाह हुआ था। इस उपलक्ष्य में साउथ कोरिया का एक प्रतिनिधिमंडल दीपावली मनाने के लिए अयोध्या आ रहा है। वे खुद छह नवंबर को अयोध्या में जाएंगे और वहां भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने आह्वान किया कि सभी को भगवान राम के नाम पर एक दीप दीपावली पर जलाना चाहिए। ताकि भगवान राम का काम आसान हो जाए। इससे पहले स्वामी रामदेव ने अपने संबोधन में कहा कि यदि न्यायालय से राम मंदिर निर्माण के बारे फैसला आने में देरी हो रही है तो यूपी से भाजपा के सांसदों को संसद में प्रस्ताव लाना चाहिए। क्योंकि देश की जनता अब राम मंदिर का जल्दी ही निर्माण चाहती है।

Back to top button