पटियाला में हादसा: भाखड़ा नहर पर पुल धंसा, दो ट्रक फंसे, एक में लगी आग

पटियाला बाईपास पर भाखड़ा मेन लाइन नहर पर बना करीब 60 मीटर लंबा स्टील पुल बुधवार सुबह अचानक ढह गया। सुबह करीब छह बजे हुई इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुल के गिरने से यातायात प्रभावित हुआ, हालांकि एनएचएआई की टीम ने तत्काल वाहनों को सर्विस रोड की तरफ डायवर्ट कर दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
यह पुल एनएच-64 (नए एनएच-07) के पटियाला बाईपास खंड पर बाईं तरफ (एलएचएस) भाखड़ा मेन लाइन नहर के ऊपर बना था। पुल ढहने की सूचना मिलते ही एनएचएआई की घटना प्रबंधन टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा इंतजाम संभाले। ट्रैफिक पुलिस ने बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की, जबकि रोड सेफ्टी मार्शल भी तैनात किए गए हैं। प्रभावित क्षेत्र में सांकेतिक लगाने और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जा रही है, ताकि रात के समय भी वाहन चालकों को खतरे का अंदाजा हो सके।
तीन-चार दिन में बहाल होगा यातायात
पुल पर यातायात बहाल करने के लिए एनएचएआई 60 मीटर लंबे बेली ब्रिज की व्यवस्था कर रहा है। यह ब्रिज मूल रूप से अमृतसर के वल्लाह में यातायात डायवर्जन के लिए इस्तेमाल किया जाना था। अब इसे पटियाला में ढहे पुल के स्थान पर लगाया जाएगा। एनएचएआई के मुताबिक, बेली ब्रिज के जरिए अगले तीन से चार दिनों में यातायात बहाल करने का लक्ष्य है।
पुल ढहने के कारणों की होगी जांच
घटना के कारणों का पता लगाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी सुधार सुझाने के उद्देश्य से एनएचएआई ने विशेषज्ञ समिति गठित की है। फोरलेन वाला पटियाला बाईपास फिलहाल एनएचएआई के अल्पकालिक रखरखाव अनुबंध के तहत है। यह खंड वर्ष 2018 में एनएचएआई को सौंपा गया था। इसका फोरलेन बनाने का काम पंजाब पीडब्ल्यूडी की निगरानी में बीआरओ ने किया था। एनएचएआई ने प्रभावित हिस्से में सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने और जल्द से जल्द आवाजाही सामान्य करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।
साल 2016 में बनकर तैयार हुआ था पुल
जानकारी के मुताबिक, एनएचएआई ने यह पुल बनाया था। साल 2016 में ये पुल बनकर तैयार हुआ था। भाखड़ा नहर के ऊपर यह पुल बनाया गया था। पुल का महज 10 साल में धंस जाना इसकी गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल पुल किन कारणों से धंसा यह जांच का विषय है।
डीसी ने लिया घटनास्थल का जायजा
पुल ढहने के बाद डीसी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने कहा नहर का पानी कम कर दिया गया है जिससे नहर के किनारों को बचाया जा सके। नेशनल हाईवे से हम पुल की रिपोर्ट मांगेंगे। हमारी प्रमुख प्राथमिकता यह थी कोई जानी नुकसान नहीं हो। हम जल्द से जल्द पुुल की मरम्मत करने के लिए काम करेंगे। डीसी ने बताया कि पुल के ऊपर एक ट्रक खराब हो गया था और पीछे से दो ट्रक आए जिस वजह से पुल पर लोड बढ़ गया। उन्होंने कहा एनएचआई से यह शुरुआती जानकारी मिली है।





