पंजाब के स्टेट हाईवे के टोल प्लाजा पर वाहन चालकों को फास्टैग की सुविधा होगी उपलब्ध

राष्ट्रीय राजमार्गों के बाद पंजाब के स्टेट हाईवेज पर स्थित टोल प्लाजा पर भी वाहन चालकों को फास्टैग की सुविधा उपलब्ध होगी। राज्य के स्वामित्व वाली सड़कों पर स्थित 24 टोल प्लाजाओं में से 18 पर पंजाब लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) इलेक्ट्रॉनिक कर संग्रह (ईटीसी) शुरू करेगा। राष्ट्रीय राजमार्गों पर फास्टैग इलेक्ट्रॉनिक टोल संग्रह 1 दिसंबर से अनिवार्य हो गया है, लेकिन पंजाब में अभी इसे लागू करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
पंजाब लोक निर्माण विभाग के अनुसार कुछ समय पहले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने राज्यों के पीडब्ल्यूडी मंत्रियों की बैठक बुलाई थी, जिसमें स्टेट हाईवेज पर भी फास्टैग सुविधा को लागू करने को कहा गया था। विभाग के अनुसार केंद्र की तरफ से इलेक्ट्रॉनिक कर संग्रह (ईटीसी) के लिए एक कंपनी को इसके लिए अधिग्रहित किया गया है।
यह होगा लाभ
वाहन चालकों को राष्ट्रीय या स्टेट हाईवेज पर टोल प्लाजा पर नकद कर अदायगी नहीं करनी पड़ेगी। नई व्यवस्था में स्टेट हाईवेज के ठेकेदारों को उनका बनता टोल नेशनल हाईवे पर वसूले गए टोल से प्राप्त हो जाएगा। कर स्वतः कंपनी के खाते में ट्रांसफर हो जाएगा।
यह है फास्टैग सुविधा
इसके तहत प्रत्येक वाहन की विंडस्क्रीन क इलेक्ट्रॉनिक चिप युक्त कार्ड चस्पां किया जाएगा। इसे टोल प्लाजा के ऊपर लगाए गए उपकरण तीव्र गति से रीड करेंगे और स्वचालित तरीके से संबंधित वाहन स्वामी के खाते से टोल (टैक्स) कट जाएगा। इससे वाहनों को टोल प्लाजा पर लंबी कतारों में नहीं खड़ा होना पड़ेगा तथा समय के साथ-साथ ईंधन की भी बचत की जा सकेगी।





