नई सरकार में नए मंत्रियों को शामिल करने के लिए शपथ ग्रहण समारोह हुआ शुरू

Haryana Cabinet Extension LIVE Update नई सरकार में नए मंत्रियों को शामिल करने के लिए शपथ ग्रहण समारोह शुरू हाे गया है। वरिष्‍ट भाजपा नेता अनिल विज ने सबसे पहले शपथ ग्रहण किया। उन्‍होंने कैबिनेट मंत्री के रूप में पद और गाेपनीयता की शपथ ली। इसके बाद पूर्व विधानसभा स्‍पीकर कंवरपाल गुर्जर ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। इसके बाद मूलचंद शर्मा ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली।

इससे पहले समारोह में राज्‍यपाल सत्‍यदेव नारायण आर्य पहुंच गए हैं। मुख्‍यमंत्री मनोहरलाल और उपमुख्‍यमंत्री दुष्‍यंत चौटाला पहुंच गए हैं। समरोह में 10 मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। इनमें छह कैबिनेट और चार स्‍वतंत्र प्रभार के राज्‍यमंत्री होंगे। नए मंत्रियों में भाजपा के आठ, एक जजपा और एक निर्दलीय होगा। इसके साथ ही हरियाणा के ढाई करोड़ लोगों के इंतजार की घडिय़ांं खत्म हो गई हैं। राजभवन में आयोजित समाराेह में राज्‍यपाल सत्‍यदेव नारायण आर्य नए म‍ंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। समारोह में कई पूर्व मंत्री और भाजपा के वरिष्‍ठ नेता भी पहुंचे हैं।

शपथ ग्रहण समारोह के लिए नेताओं का आना शुरू हो गया है। वरिष्‍ठ भाजपा विधायक अनिल विज, पूर्व विधानसभा अध्‍यक्ष कंवरपाल गुर्जर, पूर्व हॉकी कप्‍तान संदीप सिंह, मूलचंद शर्मा का मंत्री बनना तय है। निर्दलीय विधायकों में रणजीत सिंह चौटाला को भी मंत्री पद की शपथ दिलाए जाने की संभावना है। दूसरी ओर, जजपा के कोटे के एक मंत्री शपथ लेगा।

बताया जाता है कि शपथ ग्रहण समारोह में कुल 10 मंत्री आज शपथ लेंगे। इनमें छह कैबिनेट मंत्री होंगे। चार राज्‍यमंत्री होंगे और उनके पास स्‍वतंत्र प्रभार होगा। ये हो सकते हैं मंत्री-

कैबिनेट मंत्री : अनिल विज, कंवरपाल सिंह गुर्जर, मूलचंद शर्मा, निर्दलीय विधायक रणजीत सिंह, जेपी दलाल, डॉ. बनवारी लाल।

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) : ओमप्रकाश यादव , कमलेश ढांडा, संदीप सिंह, जजपा से अनूप धानक।

समरोह में भाजपा और जजपा के विधायकों सहित वरिष्‍ठ नेता भी पहुंचे हैं। पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा, भाजपा के प्रदेश प्रधान सुभाष बराला सहित कई पूर्व मंत्री समरोह में मौजूद हैं।

जजपा विधायकों की शपथ ग्रहण से पहले हुई बैठक

दूसरी ओर, शपथ ग्रहण समारोह से पहले जननायक जनता पार्टी के विधायकों और नेताओं की बैठक हुई। बैठक में उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, प्रदेश अध्यक्ष सरदार निशान सिंह, प्रधान महासचिव केसी बांगड़ मौजूद रहे।

17 दिन के लंबे अंतराल के बाद आज होगा मंत्रिमंडल का विस्तार

इससे पहले भाजपा विधायक दल की बैठक, निर्दलीय विधायकों से चर्चा तथा रात्रिभोज के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मंत्री बनाए जाने वाले विधायकों को फोन कर राजभवन में शपथ लेने का निमंत्रण दिया। छठी बार विधायक बने अनिल विज और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कंवरपाल गुर्जर का मंत्री बनना तय है। दोनों को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने फोन कर मंत्री पद की शपथ लेने का निमंत्रण दिया है।

तीन मंत्री दक्षिण हरियाणा से, एक कृष्‍णपाल गुर्जर और दो राव इंद्रजीत समर्थक

पिहोवा के विधायक एवं भारतीय हाकी टीम के पूर्व कप्तान संदीप सिंह, बल्लभगढ़ के विधायक पंडित मूलचंद शर्मा और नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव को भी बृहस्पतिवार को मंत्री बनाया जा रहा है। पिछली सरकार में मंत्री रहे बावल के विधायक बनवारी लाल के भी मंत्री बनने की पूरी संभावना है। कलायत की विधायक कमलेश ढांडा को हालांकि देर रात तक फोन नहीं पहुंचा था, लेकिन महिला कोटे में उनका मंत्री बनना तय है। निर्दलीय विधायकों में रानियां के विधायक रणजीत सिंह चौटाला को मंत्री बनेंगे।

निर्दलीय विधायकों में रणजीत सिंह के शपथ लेने की संभावना

चर्चा लोहारू के विधायक जेपी दलाल के भी मंत्री बनने की है। जेपी दलाल की दावेदारी पक्की और मजबूत बताई जा रही है। दक्षिण हरियाणा में दो केंद्रीय राज्य मंत्रियों राव इंद्रजीत तथा कृष्णपाल गुर्जर की पसंद के तीन मंत्री मनोहर लाल की कैबिनेट में होंगे। मूलचंद शर्मा केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर तथा ओमप्रकाश यादव व बनवारी लाल केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत की पसंद के हैं।

केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत नांगल चौधरी के विधायक अभय सिंह यादव का नाम मंत्री पद की लिस्ट से कटवाने में कामयाब रहे हैं। आज जननायक जनता पार्टी के कोटे के किसी मंत्री के शपथ लेने की कोई सूचना नहीं है, वैसे उसके कोटे के मंत्रियों के नाम बताए जाते हैं और दुष्‍यंत चौटाला अंतिम क्षणाें में अपने कोटे के मंत्रियों को भी शपथ दिलाने का फैसला कर सकते हैं।

भाजपा-जजपा गठबंधन की नई कैबिनेट को शपथ दिलाने के लिए राज्यपाल पिछले चार दिन से इंतजार में हैैं। 22 नवंबर को उनके बेटे का विवाह समारोह है। मंत्रियों को शपथ दिलाने के बाद राज्यपाल 16 नवंबर को पटना चले जाएंगे।

भाजपा कोटे से बनाए जाने वाले संभावित मंत्री

1. अनिल विज

2. कंवरपाल गुर्जर

3. ओमप्रकाश यादव

4. बनवारी लाल

5. संदीप सिंह

6. मूलचंद शर्मा

7. कमलेश ढांडा

8. जेपी दलाल।

जजपा कोटे से बनाए जाने वाले संभावित मंत्री

1. अनूप धानक

जजपा कोटे के मंत्री अगले विस्तार में संभव

भाजपा-जजपा गठबंधन के नए कैबिनेट के गठन को लेकर बुधवार के बाद बृहस्‍पतिवार को भी बैठक हुई। बुधवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल और उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला दोपहर के बाद मिले। दोनों की मुलाकात को सरकारी कामकाज पर चर्चा का नाम दिया गया, लेकिन बताया जाता है कि दोनों के बीच  कैबिनेट के प्रारूप पर फाइनल चर्चा हुई। दुष्यंत ने इस बैठक में मनोहर लाल को अपने एक्शन प्लान की जानकारी दे दी, जो सरकार को सहयोग करने की नीति पर आधारित है।

Back to top button