दिल्‍ली-NCR में तेज बारिश ने गर्मी से दी राहत, वहीं,कई जगहों पर जलजमाव से लोग हुए परेशान

मंगलवार की रात दिल्‍ली-एनसीआर में तेज बारिश ने गर्मी से जहां राहत दी। वहीं, कई जगहों पर जलजमाव से लोग परेशान रहे। हालांकि, मंगलवार की सुबह के वक्‍त मौसम साफ था। दोपहर तक तेज धूप भी खिली रही, लेकिन दोपहर के बाद मौसम में बदलाव आने लगा। दिल्ली में ज्यादातर जगहों पर घने बादल छा गए। इसके बाद दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में बारिश हुई।

 

सबसे ज्‍यादा बारिश लोधी रोड में

मौसम विभाग के मुताबिक, लोधी रोड में सर्वाधिक 26 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। सफदरजंग में 12.1 मिलीमीटर, पालम में 25.4 मिलीमीटर, रिज में 15.5 मिलीमीटर, आया नगर में 2.1 मिलीमीटर, नजफगढ़ में दो और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में छह मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

तापमान में दो डिग्री की कमी

दूसरी तरफ मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से दो डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो इस मौसम का सामान्य तापमान है। हवा में नमी का स्तर 62 से 92 फीसद दर्ज किया गया।

जारी रहेगा बारिश का दौर

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि कि बारिश का यह दौर अभी कई दिनों तक जारी रहेगा। अगले दो दिनों के दौरान तेज बारिश भी हो सकती है। साथ ही, सप्ताह भर तक बादल और बारिश का यह दौर दिल्ली में जारी रहेगा। बुधवार और बृहस्पतिवार को दिल्ली के कई हिस्सों में झमाझम बरसात होने की संभावना है।

प्रदूषण से है राहत

रुक-रुककर हो रही बारिश की वजह से चल रही हवा में प्रदूषण का स्तर को भी सामान्य बना हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एयर इंडेक्स के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स महज 69 रहा। इस स्तर की हवा को संतोषजनक श्रेणी में रखा जाता है।

Back to top button