दिल्ली में बढ़ रहा नशीले पदार्थों का कारोबार, इस वर्ष 281.44 फीसदी की हुई बढ़त

राजधानी में मादक द्रव्य की तस्करी में काफी बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में नशीले पदार्थों की होने वाली बरामदगी और बड़ी संख्या में तस्करों की गिरफ्तारी इस बात को साबित करती है। दिल्ली पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल की तुलना में पुलिस ने इस वर्ष 281.44 फीसदी ज्यादा स्मैक और हेरोइन की बरामदगी की है। साथ ही पिछले साल की तुलना में इस वर्ष सौ से अधिक तस्करों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने सालाना प्रेसवार्ता में मादक द्रव्य की बरामदगी और तस्करों की गिरफ्तारी के आंकड़े पेश किए, जिसमें बताया गया कि इस वर्ष पिछले साल की तुलना में भारी मात्रा में हेरोइन और स्मैक की बरामदगी की गई। साथ ही पिछले साल की तुलना में इस वर्ष ज्यादा तस्कर पकड़े गए। लेकिन इसमें अहम बात यह है कि राजधानी में बिना रोक-टोक लगातार मादक द्रव्य की सप्लाई जारी है।

इस बाबत वर्ष 2016 में 289 मामले, 2017 में 362 और इस वर्ष 493 मामले दर्ज किए गए। इस वर्ष पुलिस ने मादक द्रव्य की तस्करी में 662 लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि वर्ष 2017 में 491 आरोपी गिरफ्तार किए गए थे।

राजधानी में स्मैक और हेरोइन की तस्करी में बढ़ोतरी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वर्ष 2016 में पुलिस ने 24.683 किलोग्राम स्मैक व हेरोइन बरामद की थी। वहीं वर्ष 2017 में यह बढ़कर 51.58 किलोग्राम हो गई और इस वर्ष पुलिस ने 196.747 किलोग्राम हेरोइन और स्मैक की बरामद की है।

शराबियों की संख्या में भी हुआ इजाफा

सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। पिछले साल पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर पर शराब पीने वाले 23094 लोगों तथा इस वर्ष 33873 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है।

शराब तस्करों के खिलाफ मामले दर्ज होने के मामले में 13.62 फीसदी बढ़ोतरी हुई। पिछले साल पुलिस ने 2753 तस्करों के खिलाफ मामले दर्ज किए थे। जबकि इस वर्ष 3128 तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया।

Back to top button