तीन राज्यों में मिली जीत से उत्साहित कांग्रेस ने लोस चुनाव के लिए शुरू की फील्डिंग

तीन राज्यों में मिली जीत से उत्साहित कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए अभी से फील्डिंग सजा ली है। आम जनता से सीधे जुड़ाव और कार्यकर्ताओं को एक्टिव किए जाने को बूथवार प्लानिंग शुरू कर दी गई है। इसको लेकर आरएसएस, भाजपा की तरह जमीनी स्तर पर कॉडर को जनसंपर्क अभियान के जरिए मजबूत करने पर फोकस किया है।
पार्टी ने भाजपा से बूथवार मुकाबले की तैयारी कर ली है। कांग्रेस ने इस अभियान का रविवार को बाकायदा बड़े स्तर पर आगाज किया। राज्य भर से विधायक का चुनाव जीतने और हारने वाले सभी प्रत्याशियों, जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्षों को बुला कर अभियान की जानकारी दी गई। उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने अभियान का पूरा स्वरूप सामने रखा। इसके बाद हर जिले, विधानसभावार सहयोग निधि अभियान के कूपन थमाए गए। प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि सहयोग निधि, जनसंपर्क अभियान के जरिए हर विधानसभा, ब्लॉक, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं में जोश भरा जाएगा। आम जनता से सीधा संवाद कायम करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों का ब्यौरा सामने रखा जाएगा।
राज्य से पांचों सीटें जीतकर राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के हाथों को मजबूत किया जाएगा। जनसंपर्क अभियान के प्रभारी कमलकांत शर्मा ने कहा कि इस अभियान के जरिए पार्टी 18 साल के पहली बार वोटर बनने वाले युवा के साथ ही हर घर तक अपनी बात पहुंचाएगी। पार्टी अपने बूथ को मजबूत करेगी। पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी राष्ट्रीय सचिव राजेश धर्माणी ने अभियान को नये लोगों को पार्टी से जोड़ने की मुहिम बताया। हर बूथ पर दस नये यूथ को जोड़ा जाएगा। इस अवसर पर उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, लालचंद शर्मा, पूर्व मंत्री शूरवीर सजवाण, राजकुमार, प्रमोद कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।





