डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- 300 अरब डॉलर के और चीनी आयातों पर अमेरिका लगायेगा 10 फीसद शुल्क

यूएस-चाइना ट्रेड वॉर थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दोनों देशों के बीच ट्रेड वॉर को सुलगाने वाला ऐलान किया। अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने घोषणा की कि अगले महीने से 300 अरब डॉलर के और चीनी आयातों पर टैरिफ लगाया जाएगा।

ट्रंप ने कहा कि यह टैरिफ 10 फीसदी होगा। अमरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्वीट कर कहा, ‘अमेरिका चीन से हमारे देश में आ रहे 300 अरब डॉलर के बाकी सामानों और उत्पादों पर एक सितंबर से 10 फीसदी अतिरिक्त शुल्क लगाना शुरु करेगा।’ राष्ट्रपति ट्रंप के इस निर्णय का असर सिर्फ इन दो देशों के व्यापार पर ही नहीं बल्कि वैश्विक स्तर पर भी पड़ेगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने चीन पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह अमेरिका के कृषि उत्पादों की बड़ी मात्रा में खरीद करने और अमेरिका में फेंटनील की बिक्री को रोकने के वादों का पालन करने में विफल रहा है। ट्रंप ने ट्वीट करते हुए कहा, ‘हमारे प्रतिनिधि अभी चीन से लौटे हैं जहां उन्होंने व्यापार समझौते के लिए रचनात्मक वार्ता की थी। हमने सोचा कि तीन महीने पहले हमारा चीन के साथ एक सौदा हुआ था, लेकिन दुख की बात है कि चीन ने हस्ताक्षर करने से पहले सौदे पर फिर से बातचीत करने का फैसला किया है।’
डोनाल्ड ट्रंप का एक और ट्वीट आया जिसमें उन्होंने कहा, ‘मेरे दोस्त चीन के राष्ट्रपति शी ने कहा कि वह फेंटनील की बिक्री को यूएसए में रोक देंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और अमेरिकी लोग मरते रहे! व्यापार वार्ता जारी है और चीन से आ रहे 300 अरब डॉलर के उत्पादों पर 10 फीसद का एक छोटा अतिरिक्त टैरिफ लगा रहे हैं। यह एक सितंबर से प्रभावी हो जाएगा। इसमें 250 अरब डॉलर के चीनी उत्पादों पर पहले से ही जारी 25 फीसद का टैरिफ शामिल नहीं हैं।





