डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक बोले- हर जिले में मेडिकल कॉलेज, हर मंडल में कैंसर इंस्टीट्यूट खोलेगी सरकार

यूपी के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द ही प्रत्येक जिले को मेडिकल कॉलेज की सौगात देगी। इसके साथ ही हर मंडल मुख्यालय पर कैंसर इंस्टीट्यूट स्थापित किए जाएंगे और कैंसर मरीजों व उनके परिजनों के ठहरने के लिए आवासीय सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
जिला पंचायत सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में उपमुख्यमंत्री ने वर्ष 2014 से अब तक केंद्र की भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और जनकल्याण योजनाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं।
अयोध्या में राम मंदिर के दानपत्र से धन गायब होने के आरोपों को लेकर विपक्ष के हमलों पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि बाबरी मस्जिद के लिए जुटाए गए चंदे का हिसाब भी उनसे पूछा जाना चाहिए।
इस अवसर पर राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा, जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश राही सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।





