टॉम लाथम और डेवोन कॉन्‍वे का शतक, पहले ही दिन न्‍यूजीलैंड ने काटा गदर

 इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स की टेस्ट टीम में वापसी के पहले ही दिन न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाजों ने उनकी खुशी फीकी कर दी। तीसरे और निर्णायक टेस्ट के पहले दिन गुरुवार को स्‍टंप तक मेहमान टीम ने 4 विकेट के नुकसान पर 361 रन बना लिए हैं। तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर है।

17वां शतक लगाया

न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लाथम ने टॉस जीतकर सपाट और बल्लेबाजी के लिए अनुकूल ट्रेंट ब्रिज की पिच पर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उनका यह निर्णय अब तक पूरी तरह सही साबित हुआ। लाथम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने टेस्ट करियर का 32वां अर्धशतक पूरा किया। वह यहीं नहीं रुके और उन्‍होंने इसे शतक में तब्‍दील किया। यह उनके टेस्‍ट करियर का 17वां शतक है।

न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्‍यादा टेस्ट शतक

केन विलियमसन – 33
रॉस टेलर – 19
मार्टिन क्रो – 17
टॉम लैथम – 17*
जॉन राइट – 12
ब्रेंडन मैकुलम – 12

317 रन की साझेदारी

डेवोन कॉन्वे ने भी लाथम का भरपूर साथ दिया और शतक लगाया। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 433 गेंदों पर 317 रन की साझेदारी हुई। स्‍टोक्‍स ने इस साझेदारी को तोड़ा। 73वें ओवर की पहली गेंद पर उन्‍होंने लाथम को जेमी स्मिथ के हाथों कैच आउट कराया। लाथम ने 214 गेंदों पर 151 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्‍होंने 15 चौके भी लगाए।

अगले ही ओवर की पहली गेंद पर कॉन्‍वे भी जो रूट का शिकार हुए। कॉन्‍वे ने 224 गेंदों का सामना किया और 22 चौकों-3 छक्‍कों की बदौलत 157 रन बनाए। दिन का खेल खत्‍म होने से पहले हेनरी निकोल्‍स (36) और रचिन रविंद्र (7) भी अपना विकेट गंव बैठे।

अनुशासनात्मक कारणों से दूसरे टेस्ट से बाहर रहने के बाद कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन की इंग्लैंड टीम में वापसी हुई, लेकिन दोनों शुरुआती सत्र में कोई प्रभाव नहीं छोड़ सके। स्टोक्स ने 13 ओवर में 57 रन दिए और 1 विकेट चटकाया। ऑफ स्पिनर शोएब बशीर को 11वें ओवर में ही गेंदबाजी के लिए लगा दिया गया। जो रूट को भी 1 सफलता मिली। जैकब बेथल, शोएब बशीर, जोस टंग, जोफ्रा आर्चर और गस एटकिंसन को विकेट की तलाश है।

Back to top button