जेल वार्डन पत्नी ने पति को दुष्कर्म के मामले में करवा दिया गिरफ्तार, HC तक पहुंचा मामला

सात साल तक एक साथ रहने वाले पति-पत्नी में झगड़ा हो गया। इसके बाद जेल वार्डन पत्नी ने पति के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज करा दिया। पत्नी जेल विभाग में है, इसलिए पुलिस ने भी बगैर देर किए पति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया और उसे गिरफ्तार कर जेल में बंद कर दिया। पति ने जमानत के लिए हाई कोर्ट में गुहार लगाई तो मामले में नया माेड़ आ गया। हाई कोर्ट ने पूरे मामले पर हैरानी जताते हुए पूछा कि कैसे पुलिस ने जल्दबाजी में सात साल से अधिक समय तक एक साथ रहने वाले पति के खिलाफ पत्नी की शिकायत पर रेप का केस दर्ज कर दिया।
हाई कोर्ट ने कहा-कैसे पति के खिलाफ दर्ज हुआ दुष्कर्म का केस, सोनीपत के एसपी को पेश हाेने का आदेश
हाई कोर्ट ने मामले में पुलिस के प्रति कड़ा रुख दिखाया है और साेनीपत के एसपी को सोमवार को कोर्ट में पेश होने काे कहा है। हाई कोर्ट ने एसी से यह बताने को कहा है कि पति के खिलाफ दुष्कर्म की एफआइआर कैसे दर्ज कर ली गई। ऐसे में पूरे मामले में पुलिस घेरे में आ गई है।
मामले की सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के वकील डीके टुटेजा व दिशांत टुटेजा ने बेंच को बताया कि याचिकाकर्ता व उसकी पत्नी सात साल से अधिक समय से एक साथ रहे थे। एक दिन उसकी पत्नी घर कीमती सामान लेकर चली गई। इसी कारण पति ने उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी। इसके बदले में जेल वार्डन पत्नी ने अपने पति के खिलाफ गोहाना के पुलिस स्टेशन में 7 सितंबर को दुष्कर्म का केस दर्ज करवा दिया। पुलिस ने भी कार्रवाई करते हुए पति को जेल भेज दिया।
याचिकाकर्ता पति के वकील ने कोर्ट को बताया कि एक पत्नी कैसे अपने पति पर रेप का आरोप लगा सकती है। पत्नी की सर्विस रिकार्ड, बैंक, आधार कार्ड सभी में उसके पति का नाम लिखा है। पति के बैंक खाते में भी पत्नी का नाम लिखा है। याची के वकील ने सभी दस्तावेज समेत याची के भतीजे के विवाह के दौरान दोनों के पति-पत्नी के तौर उसको आशीर्वाद देने की फोटो भी कोर्ट में पेश की।
याची ने आरोप लगाया कि पत्नी जेल विभाग में है। इसलिए उसने अपने विभाग का प्रयोग कर अपने पति के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज करवा दिया। इस पर हाई कोर्ट के जज ने हैरानी जताते हुए पूछा कि कैसे पुलिस ने पत्नी की शिकायत पर पति के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कर लिया। जब इतने सारे सबूत है कि वे पति व पत्नी हैं। कोर्ट ने सोनीपत के एसपी को तलब करते हुए कहा कि कोर्ट में पेश होकर बताएं कि कैसे दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया।





