जम्मू कश्मीर बैंक में हुए घोटालों की जांच की आंच श्रीनगर के डिप्टी मेयर शेख इमरान के घर तक पहुंच गई…

जम्मू कश्मीर बैंक में हुए घोटालों की जांच की आंच मंगलवार को श्रीनगर के डिप्टी मेयर शेख इमरान के घर तक पहुंच गई। आयकर विभाग की टीम ने उनके उनके निवास और विभिन्न व्यावसायिक परिसरों की तलाशी ली। आयकर टीम ने जेके बैंक के साथ लेन-देन संबंधी और आयकर से जुड़े कई दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं।

यहां यह बताना असंगत नहीं होगा कि जम्मू कश्मीर बैंक ने बीते तीन सालों के दौरान कश्मीर में जिन नामी राजनेताओं और व्यापारिक घरानों के कर्ज माफ करने के लिए वन टाइम सेटलमेंट की है, उनमें शेख इमरान भी एक हैं। शेख इमरान को बैंक ने कई बार नियमों को ताक पर रख कर्ज प्रदान किया है। गत शनिवार को जब राज्य भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने जेके बैँक में छापा डाला था तो उस समय वहां से शेख इमरान से जुड़े कई दस्तावेज भी तथाकथित तौर पर मिले थे।

आज सुबह सात बजे के करीब आयकर विभाग की अलग अलग टीमों ने श्रीनगर के ब्रेन निशान, बोहरीकदल संगरमाल और नौगाम स्थित डिप्टी मेयर के आवासीय और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की तलाशी ली। इस छापे के दौरान आयकर विभाग ने छिपाए गए लाखों रूपये के लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों के अलावा जम्मू कश्मीर बैंक के साथ उनके लेन देन के दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

इन छापों के बारे में हालांकि आयकर विभाग ने अधिकारिक तौर पर कोई बयान जारी नहीं किया है। लेकिन डिप्टी मेयर के ठिकानों की जांच के बाद आयरक विभाग की टीम ने जम्मू कश्मीर बैंक के कार्पारेेट कार्यालय में भी जांच शुरु की है। अन्य विवरण प्रतीक्षारत हैं।

Back to top button