जमीन अधिग्रहण की जांच की मांग को लेकर डीएनडी पर फिर जमे किसान…

जमीन अधिग्रहण की जांच के समर्थन में शुक्रवार के बाद शनिवार को भी दिल्ली कूच करने निकले किसानों का काफिला जाम का सबब बन गया है। डीएनडी फ्लाईवे के टोल प्लाजा के पास किसानों की भारी भीड़ जुटने से जहां डीएनडी बंद कर दिया गया है, वहीं इसी वजह से आसपास के इलाकों में जाम भी लग गया है।जमीन अधिग्रहण की जांच की मांग को लेकर डीएनडी पर फिर जमे किसान...

किसानों के दिल्ली पड़ाव की खबर ने शुक्रवार को भी दिनभर पुलिस को परेशान रखा था और आज भी वही हाल है। गौरतलब है कि देर रात तक किसान डीएनडी पर जमे थे और आज सुबह फिर सुबह डीएनडी टोल गेट के पास किसानों का बड़ा हुजूम जमा हो गया है।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह 10 बजे किसानों को नोएडा पहुंचना था। इसके मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील की थी। ट्रैक्टर, ट्रॉलियों में सवार किसान शाम करीब चार बजे डीएनडी फ्लाईवे पर पहुंचे। किसान नेता मनवीर तेवतिया के नेतृत्व में जेवर से वाया एक्सप्रेसवे नोएडा पहुंचे किसानों से यातायात व्यवस्था बिगड़नी शुरू हो गई। 

दिल्ली पुलिस ने किसानों को अपनी सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया। इस कारण डीएनडी से लेकर रजनीगंधा चौराहा, टी-सीरीज चौराहा और हरौला, डीएससी मार्ग, फिल्म सिटी फ्लाईओवर, सेक्टर-18 तक लंबा जाम लग गया। ग्रेटर नोएडा से डीएनडी जाने का रास्ता बंद होने से हालत और बिगड़ गई। इस कारण एक्सप्रेसवे तक वाहनों की कतारें लग गईं।

Back to top button