जब कुछ टेस्टी खाने का हो मन और समय हो कम, तो ट्राई करें चावल का चीला

अक्सर शाम की चाय के साथ या सुबह के नाश्ते में कुछ चटपटा और कुरकुरा खाने का मन करता है, लेकिन जब बात किचन में घंटों खड़े रहने की आती है, तो हम अपने कदम पीछे खींच लेते हैं। अगर आप भी किसी ऐसे स्नैक की तलाश में हैं जो झटपट बन जाए, स्वाद में लाजवाब हो और मेहनत भी कम लगे, तो आपकी यह तलाश ‘चावल के आटे के चीले’ पर आकर खत्म होती है।
यह चीला न सिर्फ खाने में बहुत क्रिस्पी होता है, बल्कि इसे बनाना इतना आसान है कि कोई भी इसे फटाफट तैयार कर सकता है। सबसे अच्छी बात यह है कि इसके लिए आपको कोई खास सामग्री बाजार से लाने की जरूरत नहीं है, सब कुछ आपके किचन के डिब्बों में ही मिल जाएगा।
चावल का चीला बनाने के लिए जरूरी सामग्री
चावल का आटा: 1 कप
सब्जियां: 1 बारीक कटा हुआ प्याज और 1 टमाटर
हरी मिर्च: 2-3 बारीक कटी हुई
हरा धनिया: थोड़ा-सा ताजा और बारीक कटा हुआ
मसाले: 1 छोटी चम्मच जीरा और नमक स्वादानुसार
तेल या घी: चीला सेंकने के लिए
पानी: लगभग 2 कप (घोल को पतला करने के लिए)
कैसे बनाएं चावल का क्रिस्पी चीला?
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में चावल का आटा लें। अब इसमें बारीक कटा हुआ प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, हरा धनिया, जीरा और नमक डाल दें। इन सभी सूखी चीजों को एक बार अच्छे से मिला लें।
अब इसमें धीरे-धीरे पानी डालते हुए एक पतला घोल तैयार कर लें। ध्यान रहे कि घोल में कोई गांठे न पड़ें। चावल के आटे के चीले का घोल डोसे के घोल से थोड़ा पतला होता है, तभी यह एकदम जालीदार और क्रिस्पी बनता है। इसे 5 मिनट के लिए रेस्ट करने दें।
गैस पर एक नॉन-स्टिक तवा रखें और उसे अच्छी तरह गर्म होने दें। जब तवा गरम हो जाए, तो उस पर हल्का सा तेल या घी लगाकर उसे चिकना कर लें।
घोल को तवे पर डालने से पहले हमेशा एक बार चला लें क्योंकि चावल का आटा नीचे बैठ जाता है। अब एक कटोरी या कलछी की मदद से घोल को तवे पर बाहर से अंदर की तरफ गोल आकार में फैलाएं। गैस की आंच को मध्यम कर दें।
चीले के किनारों पर थोड़ा सा तेल डालें और उसे एक तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सिकने दें। जल्दबाजी न करें, इसे आराम से सिकने दें। जब यह नीचे से पक जाएगा तो तवा खुद छोड़ने लगेगा। फिर इसे सावधानी से पलटें और दूसरी तरफ से भी कुछ सेकंड के लिए सेंक लें।
अगर आप चीले को और भी ज्यादा कुरकुरा बनाना चाहते हैं, तो घोल बनाते समय उसमें एक से दो चम्मच सूजी मिला सकते हैं।
लीजिए, सिर्फ 10 मिनट में आपका गरमा-गरम और सुपर क्रिस्पी चावल के आटे का चीला बनकर बिल्कुल तैयार है।
इसे अपनी मनपसंद पुदीने की चटनी, टोमेटो केचप या फिर अदरक वाली कड़क चाय के साथ परोसें। यकीन मानिए, एक बार इसे खाने के बाद घरवाले बार-बार इसकी फरमाइश करेंगे।





