गोयल ने किया महिला टीम का सम्मान, BCCI भी करेगी कार्यक्रम

महिला वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय टीम का पूरे देश में सम्मान हो रहा है. गुरुवार को खेल मंत्री विजय गोयल ने नई दिल्ली में पूरी टीम का सम्मान किया. इसके बाद बीसीसीआई की ओर से भी टीम को सम्मानित किया जाएगा. वहीं रेलमंत्री सुरेश प्रभु भी टीम इंडिया को सम्मानित करेंगे. आपको बता दें कि बीसीसीआई भी टीम इंडिया के हर सदस्य को 50-50 लाख रुपये देकर सम्मानित करेगी.

मिताली राज को मिलेगी BMW
शानदार कप्तानी करने के लिए मिताली राज को अब नई बीएमडब्लयू गाड़ी मिल सकती है. जी हां, पूर्व जूनियर क्रिकेट सिलेक्शन कमिटी के चेयरमैन और तेलंगाना बैडमिंटन एसोसिएशन के उपाध्यक्ष चामुंडेश्वरनाथ ने ऐलान किया है कि वो मिताली राज को ब्रैंड न्यू बीएमडब्ल्यू कार गिफ्ट करने वाले हैं. चामुंडेश्वरनाथ खुद आंध्र प्रदेश की रणजी टीम के कप्तान रहे हैं पिछले कुछ सालों में कई मौके पर खिलाड़ियों को कार गिफ्ट करते रहे हैं. अपने इसी काम को आगे बढ़ाते हुए चामुंडेश्वरनाथ ने मिताली राज को वर्ल्ड कप के दौरान उनके शानदार प्रदर्शन के लिए कार गिफ्ट करने की बात कही.
Delhi: Sports Minister Vijay Goel felicitates Indian women’s cricket team pic.twitter.com/ocahfN7GqD
— ANI (@ANI_news) 27 July 2017
बुधवार को टीम इंडिया ने मुंबई में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित भी किया. कप्तान मिताली राज टीम के प्रदर्शन से खुश हैं. वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड के हाथों हार की निराशा से वह उबर चुकी हैं. उन्होंने टीम के मुंबई लौटने पर कहा कि हमारे खेल से भारतीय महिला क्रिकेट के अच्छे दिन की शुरुआत हो गई है.
मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि हमारी टीम 2013 वर्ल्ड कप के निराशाजनक प्रदर्शन को पीछे छोड़ चुकी है. उल्लेखनीय है कि भारत में खेले गए उस वर्ल्ड कप के दौरान मेजबान टीम सातवें स्थान पर रही थी. 34 साल की मिताली ने कहा कि इस बार टीम ने कड़ी मेहनत की. जिसका परिणाम सबके सामने हैं.





