गोण्डा : 11 हज़ार वोल्टेज सप्लाई का पोल बांस- बल्ली के सहारे, बड़ी दुर्घटना की आशंका

परसपुर गोण्डा। परसपुर क्षेत्र के पसका पुरबिहन पुरवा गांव में एक ग्यारह हज़ार वोल्टेज सप्लाई का पोल लगभग दो हफ्ते से बाँस और बल्ली के सहारे खड़ा है। मजे की बात ये है कि यह पोल पसका से सकरौर दुरौनी लिंक मार्ग के किनारे है जिस पर आए दिन विभागीय अधिकारियों कर्मचारियों का आवागमन बना रहता है लेकिन अब तक इस पर किसी की नजर नहीं पड़ी है।

बताते चलें पुरबिहन पुरवा गाँव में नाथू मिश्र के घर के पास लगा ये पोल तेज हवा में झुक गया था जिसे सूचना देने के बाद भी कोई विभागीय कर्मचारी सही करने नहीं आया तो ग्रामीणों ने बल्ली के सहारे सीधा करके रस्सी से बाँध दिया था। तब से अब तक राम भरोसे ऐसे ही काम चल रहा है। बिजली विभाग की ये लापरवाही किसी दिन एक बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।

करणी सेना भारत की गोण्डा इकाई ने किया राम नाम संकीर्तन व आरती

परसपुर, गोण्डा। करणी सेना भारत की गोण्डा इकाई द्वारा गोस्वामी तुलसीदास जी की गुरुभूमि श्री वराह अवतरण स्थल सूकरखेत पसका में राम मन्दिर निर्माण भूमि पूजन के उपलक्ष्य में एक राम नाम संकीर्तन का अनुष्ठान किया गया।

इस अवसर पर करणी सेना भारत के मंडल प्रभारी आलोक सिंह रिंकू की अगुवाई में जिला प्रभारी केशव सिंह कलहंस व अन्य क्षेत्रीय राम भक्तों द्वारा सीता राम नाम संकीर्तन व हवन पूजन का आयोजन किया गया। शासन द्वारा निर्धारित दिशा निर्देशों के अनुपालन में उचित दूरी व अन्य नियमों के अनुसार कार्यक्रम विधिवत सम्पन्न हुआ।

सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल महिला की मौत, परिजनों का बुरा हाल

इटियाथोक, गोंडा। बीते दिवस खरगूपुर थाना क्षेत्र की एक महिला अपने बेटे के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर रिश्तेदारी में जा रही थी की रास्ते में अचानक महिला के गले की शोभा बढ़ा रहा दुपट्टा  उसके गले की फांस बन गया। गले में फंसा दुपट्टा जैसे ही मोटर साइकिल के पहिए में फंसा मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे गिर गई जिसमें मां के साथ साथ बेटे को भी आंशिक चोटे आई। बेटे ने मौके पर मौजूद लोगों की मदद से किसी तरह मां के गले में जबरदस्त तरीके से फंसे दुपट्टे को निकाला तब तक मां की हालत बिगड़ चुकी थी।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे इटियाथोक कोतवाली पुलिस के जवानों ने गंभीर रूप से घायल महिला को 108 एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटियाथोक पहुंचाया यहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। आपको बता दें कि मार्ग दुर्घटना इटियाथोक कोतवाली क्षेत्र के गोंडा- बलरामपुर मुख्य मार्ग स्थित चमनडार गांव के पास की है। यहीं पर बेटे की मोटरसाइकिल पर सवार लक्ष्मी देवी (48)पत्नी अर्जुन गुप्ता निवासी मनोहर जोत थाना खरगूपुर जनपद गोंडा की बाइक में दुपट्टा फंसने की वजह से इलाज के दौरान मौत हो गई प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के परिजन मौके पर मौजूद है। स्वास्थ्य केंद्र पर कागजी कार्रवाई हो जाने के उपरांत पंचनामा करवा कर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय गोंडा भेजा जाएगा।

कैबिनेट मंत्री ने चौपाइयों से दिया कांग्रेस नेता को जबाब, बाढ़ की समीक्षा करने पहुंचे कैबिनेट मंत्री

गोण्डा। जनपद में बाढ़ की स्तिथि व राहत सामग्रियों की वितरण पर समीक्षा करने पहुंचे सूबे के कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के बयान पर मानस की चौपाइयों से तीखा व सटीक जवाब दिया। शिलान्यास के मुहूर्त पर कांग्रेस नेता द्वारा उठाये गए सवाल पर पलटवार करते हुए कहा जापर कृपा राम की होई, ता पर कृपा करें सब कोई।

वहीं दूसरी तरफ चौपाई के माध्यम से हमला करते हुए कहा कि जाको प्रभु दारूण दुख देही ताकि मति पहले हर लेही।वही अयोध्या राम मंदिर मामले में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि करोड़ो लोगो की आस्था का विषय है ये राजनीतिक विषय नही है बल्कि दुनिया भर में लोगो मे जश्न का माहौल है वर्षो से जो संघर्ष था बर्षो से इच्छा थी मांग थी माननीय सुप्रीम कोर्ट का अभिनंदन व बधाई देना चाहते है।

देश के प्रधानमंत्री यूपी के मुख्यमंत्री जिस प्रकार का वातावरण है सौहार्द पूर्ण वातावरण है पूरे देश व प्रदेश के अंदर बस इतना कहूंगा भगवान श्रीराम के हमारे आराध्य है सबके मान की इच्छा हो रही पूरी अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनने जा रहा है।

वहीं कैबिनेट मंत्री ने जिले में बाढ़ ग्रस्त इलाके का हवाई दौरा किया और अधिकारियों के साथ बाढ़ राहत समीक्षा की बैठक कर बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री वितरण किया।इस मौके पर उन्होंने जिला प्रशासन व बाढ़ राहत बचाव कार्यों में लगे अधिकारियों की जमकर प्रशंसा की।

हियुवा द्वारा प्रत्येक न्यायपंचायत में भगवा ध्वज के साथ हुआ मिष्ठान वितरण

तरबगंज, गोण्डा। हिन्दू युवा वाहिनी संगठन तरबगंज के सभी पदाधिकारियों ने तरबगंज अध्यक्ष गोपाल सिंह की अध्यक्षता में प्रत्येक न्याय पंचायत में भगवा ध्वज लगवाकर पदाधिकारी और सदस्यों द्वारा मिष्ठान वितरण का कार्यक्रम किया।

उपस्थित सदस्यों में प्रदीप सिंह सोनू सिंह ध्रुव कुमार पाण्डेय पप्पू जायसवाल ज्ञानेंद्र सिंह रामसेवक यादव जय प्रकाश सिंह अंकुर कौशल  अनूप सिंहसहित सैकड़ों पदाधिकारी और ग्रामीण रहे उपस्थित।

संगठन अध्यक्ष तरबगंज गोपाल सिंह ने लोगों को आपसी सौहार्द बनाये रखने का दिया संदेश देते हुए कहा कि हम सब बहुत ही सौभाग्यशाली हैं जो इस अलौकिक क्षण के साक्षी बन रहे हैं, और हिन्दुत्व के लिये कार्य करते रहने में गर्व महसूस कर रहे हैं।

धक्के लगाने पर चलती है कोतवाल की गाड़ी, हास्यप्रद बनी विभाग की व्यवस्था

तरबगंज, गोण्डा। अपराधियो द्वारा जहां अपराध को अंजाम देने के नए नए तरीके व आधुनिक सिस्टम का प्रयोग किया जा रहा है वहीं इनपर लगाम लगाने वाली पुलिस की गाड़ी भी धक्का देकर चालू की जाती हो तो जरूर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा किया जाएगा।

मंगलवार को तरबगंज कोतवाल की गाड़ी जब बीच बाजार में धक्का देकर चालू की गई तो लोग तमाशबीन बन गए। दरअसल क्षेत्र में कोरोना संक्रमण के चलते बरती जा रही सावधानियों व राम जन्म भूमि के भूमिपूजन के एक दिन पहले सुरक्षा व्यवस्था को बनाये रखने के उद्देश्य से थानाध्यक्ष मयटीम के साथ स्थानीय बाजार में गाड़ी से भ्रमण कर रहे थे। बाजार में पहुंचने पर स्टॉप नीचे उतर गए व थानाध्यक्ष गाड़ी में ही बैठे थे।

थाने पर अभी जल्द ही तैनाती मिलने की वजह से वो शायद यहां की व्यवस्था से अनभिज्ञ थे या फिर गलती से स्टार्ट खड़ी गाड़ी को उंन्होने बंद कर दिया। उन्हें शायद पता नही था कि ये गाड़ी धक्के से स्टार्ट होती है।

फिर उसके बाद पुलिस कर्मियों व बाजार वासियो द्वारा धक्का देकर किसी तरह गाड़ी स्टार्ट की गई तब जाकर थानाध्यक्ष वहाँ से खिसक सके। वही वहां के कई दुकानदार तमाशबीन बने रहे।

बरसात में टापू बना गाँव, लकड़ी का पुल बनाकर बाहर निकल रहे ग्रामीण

परसपुर, गोण्डा। परसपुर थाना क्षेत्र के खैरा गाँव में बरसात के पानी ने बिल्कुल बाढ़ जैसी स्थिति पैदा कर दी है।बारिश के पानी ने खेत खलिहान यहाँ तक कि लोगों के घरों में भी धावा बोल दिया है जिसके कारण लोगों काफी नुकसान हुआ है और मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

गाँव के चारों तरफ जलभराव के कारण गाँव से बाहर निकलने का कोई रास्ता भी नहीं बचा है। ऐसे में गाँव के लोगों ने लकड़ी का पुल बनाकर वैकल्पिक रास्ता बनाया है जिससे किसी तरह लोगों का काम चल रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि अभी तक न तो क्षेत्रीय लेखपाल या अन्य कोई सरकारी कर्मचारी यहाँ तक आया है और न ही किसी प्रकार की कोई सहायता प्राप्त हुई है।

अयोध्या में राम मंदिर शिलान्यास पर जनपद में रहा जबरदस्त उत्साह

इटियाथोक, गोण्डा। हिन्दू धर्म की आस्था का प्रतीक अयोध्या स्थित राम मंदिर का आज पी एम नरेंद्र मोदी के द्वारा शिलान्यास का कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर इटियाथोक बाजार निकट रेलवे स्टेशन के प्रांगण में श्री राम चन्द्र जी की पूजा आरती कर राम भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

यह ऐतिहासिक अवसर करीब 500 वर्षों की लंबी प्रतीक्षा व कड़े संघर्ष के बाद आया है। लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए उन लोगों को भी याद किया जिनके कारण यह अवसर आया है । वही नरेंद्र मोदी सरकार को भी धन्यवाद दिया जिनके कारण आज 130 करोड़ देशवासी भूमि पूजन के इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने।

इस अवसर पर सरवन कुमार कौशल, सरस शुक्ला, किसान मजदूर सेना के मंडल प्रभारी चंद्रशेखर तिवारी, जिला अध्यक्ष अरविंद वर्मा, पवन कुमार गुप्ता, राजेंद्र कुमार एसआई, पिंटू कौशल ,साजन कौशल, सुधीर रेलवे स्टेशन बाबू व अन्य कई बाजार वासी मौजूद रहे ।

Back to top button