गायत्री प्रजापति पर गैंगरेप का आरोप लगाने वाली महिला की बेटी हुई किडनैप

चित्रकूट। यूपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रजापति पर गैंगरेप का आरोप लगाने वाली महिला की बेटी का अपहरण हो गया है। घर में घुसकर 3 बदमाशों ने पीड़िता की बेटी का अपहरण कर लिया।

पीड़ित महिला ने गायत्री प्रजापति के गुर्गों पर अपहरण का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। घटना कर्वी क्षेत्र के सीतापुर कस्बे की है। इस घटना के बाद से क्षेत्र में गायत्री प्रजापति के खिलाफ लोगों में रोष है।

गौरतलब है कि पीड़िता ने विधानसभा चुनाव से पहले गायत्री प्रजापति पर गैंगरेप का आरोप लगाया था। यूपी पुलिस ने जब पीड़िता से हुए रेप का मामला दर्ज नहीं किया तो उसने सुप्रीम कोर्ट से गुहार लगाई।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने गायत्री के खिलाफ मामला दर्ज किया और उसके कई दिनों बाद उन्हें गिरफ्तार किया। गायत्री प्रजापति इस समय जेल में हैं। ताजा मामले से गायत्री प्रजापति की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

मालूम हो कि गायत्री प्रजापति सपा सरकार में सत्‍ता के रसूख का इस्‍तेमाल करते हुए काफी दिनों तक पुलिस को छकाते रहे थे। चुनाव परिणाम आने के बाद भाजपा की सरकार बनने पर उन्‍हें चंद दिनों में ही पुलिस ने पकड़कर जेल में डाल दिया था।

इसके बाद से ही प्रजापति जेल में हैं। माना जाता है कि प्रजापति जेल के अंदर से ही अपने खिलाफ चल रहे केस को कमजोर करने की साजिश को अंजाम देते रहे हैं। इस मामले में भी उन पर आरोप लगाने वाली महिला की बेटी के अपहरण के आरोप लगे हैं।

Back to top button