प्रदेश सरकार विद्यालयों और इंटरमीडिएट कॉलेजों में शिक्षकों के खाली पदों पर गेस्ट टीचर की नियुक्ति 15 दिन के भीतर कर देगी। विद्यालयी शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने विधानसभा में प्रश्न प्रहर के दौरान आए एक प्रश्न के उत्तर में यह आश्वासन दिया।
उन्होंने सदन को बताया कि स्कूलों और इंटर कॉलेजों में सहायक अध्यापक (एलटी) के 3089 और प्रवक्ता के 4509 पद खाली हैं। इन खाली पदों पर स्थायी नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है।
एलटी के खाली पदों के लिए अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को प्रस्ताव भेजा गया है। प्रवक्ता पद के खाली पदों को भरने का प्रस्ताव लोक सेवा आयोग के पास जा चुका है। उन्होंने यह जानकारी भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह जीना के मूल प्रश्न और अन्य सदस्यों के अनुपूरक प्रश्नों के जवाब में दी।
5034 गेस्ट टीचर की तैनाती होगी
उन्होंने कहा कि जब तक स्थायी नियुक्ति नहीं हो जाती है, तब तक पठन पाठन को जारी रखने के लिए विभाग गेस्ट टीचर की नियुक्ति करने जा रहा है।
जीना द्वारा जब यह सवाल उठाया गया कि सरकार आखिर कब तक गेस्ट टीचर भर्ती करेगी, जबकि न्यायालय भी आदेश दे चुका और चार महीने का वक्त गुजर गया है। इस पर शिक्षा मंत्री ने सदन को आश्वासन दिया कि सरकार 15 दिन के अंदर गेस्ट टीचरों की नियुक्ति कर देगी।
प्रदेश सरकार स्कूलों और इंटर कॉलेजों में सहायक अध्यापक और प्रवक्ता के 5034 पदों पर अतिथि शिक्षकों (गेस्ट टीचर) की तैनाती करेगी। सदन में आए एक अन्य प्रश्न के लिखित उत्तर में शिक्षा मंत्री ने यह जानकारी दी है कि उच्च न्यायालय के आदेशों के क्रम में सहायक अध्यापक के 834 और प्रवक्ता के 4200 पदों पर गेस्ट टीचर की नियुक्ति के संबंध में कार्रवाई चल रही है।
एलटी 1214 व प्रवक्ता के 917 पद सीधी भरती से
शिक्षा मंत्री ने विधायक देशराज कर्णवाल के एक प्रश्न के लिखित उत्तर में जवाब दिया कि सहायक अध्यापक के सीधी भर्ती 1214 पदों पर उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से 917 पदों पर उत्तराखंड लोक सेवा आयोग से भरे जाने की कार्यवाही चल रही है। सहायक अध्यापक के 313 और प्रवक्ता के 1949 पद पदोन्नति से भरने की प्रक्रिया भी जारी है।
पदों का विवरण
पदनाम स्वीकृत कार्यरत रिक्त
एलटी 17779 14690 3089
प्रवक्ता 12381 7872 4509