खुदकुशी करने की कोशिश कर रहा था शख्स, पुलिस ने तोड़ा दरवाजा और फिर…

सुलतानपुर। घर वालों की डांट से खफा युवक कमरे के अन्दर गया, और दरवाजा बन्द कर आत्महत्या के लिए फांसी का फंदा तैयार किया। इसके बाद वह गले में फंदे को डालकर लटक गया। लेकिन इसी बीच यूपी-112 पहुंची और तेजी दिखाते हुए दरवाजा तोडा। फन्दे से लटक रहे युवक को नीचे उतारा। जिससे उसकी जान बच सकी।
मामला धम्मौर थानाक्षेत्र के रेवारी गांव का है। सोमवार को यूपी-112 की पीआरवी 2809 गस्त पर थी। तभी सूचना मिली कि एक युवक आत्महत्या करने जा रहा है। पीआरवी पर तैनात कमान्डर कांस्टेबल पवन यादव और पायलट कांस्टेबल जगन्नाथ पूरी तत्परता के साथ मौके पर पहुंचे। जहां लडके ने अपने आप को कमरे में बन्द किया था।
दोनों सिपाहियों ने धक्का मारकर दरवाजे को गिराया और फन्दे से लटक रहे युवक की रस्सी काटी। लडके को नीचे उतारा और समझाया-बुझाया। दोनों पुलिसकर्मियों की तत्परता से युवक की जान बचने की खबर जब एसपी शिव हरि मीणा को हुई, तो उन्होंने दोनों सिपाहियों को 500 रूपये का इनाम और प्रशस्ति -पत्र देकर सम्मानित किया।





