खत्म हुआ 12 साल का इंतजार, दिनेश कार्तिक को मिला ICC World Cup में खेलने का मौका

दिनेश कार्तिक का आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप (ICC World Cup 2019) में खेलने का इंतजार खत्म हो गया है. उन्हें मंगलवार को बांग्लादेश के खिलाफ खेले जा रहे मैच के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है. दिनेश कार्तिक (Dinesh Karthik) 2007 के विश्व कप में भी भारतीय टीम में शामिल थे. तब उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला था. इस वर्ल्ड कप के शुरुआती छह मैचों में भी उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया था. 
भारतीय टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ इस मुकाबले में अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए हैं. भारतीय कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) ने टॉस जीतने के बाद बताया कि केदार जाधव की जगह दिनेश कार्तिक को शामिल किया गया है. स्पिनर कुलदीप यादव की जगह तेज गेंदबाज भुवनेश्वर को शामिल किया गया है. बांग्लादेश की टीम भी दो बदलाव के साथ उतर रही है. भारतीय टीम मैच में पहले बैटिंग करेगी.
CWC 2019: में इंग्लैंड के खिलाफ भारत की हार से बौखला गए ये पाक क्रिकेटर….
बता दें कि दिनेश कार्तिक भारत के उन चुनिंदा खिलाड़ियों में से एक हैं, जिन्हें विश्व कप की टीम में चुना तो गया लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला था. दिनेश कार्तिक के साथ ऐसा 2007 में हुआ था. तब वेस्टइंडीज में खेले गए विश्व कप में उन्हें टीम में चुना गया था. लेकिन वे एमएस धोनी की मौजूदगी में प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं बना पाए. तब भारतीय टीम अपने शुरुआती तीन मैचों के बाद ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी. इस कारण भी तब कार्तिक को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली थी. उस वर्ल्ड कप में इरफान पठान भी भारतीय टीम में शामिल थे, लेकिन वे भी कार्तिक की तरह बिना खेले ही स्वदेश लौट आए थे.





