खतरनाक संक्रमण की ओर बिहार, मौत का ग्राफ भी तेजी से रहा बढ़

पटना। बिहार में जानलेवा कोरोना वायरस के फैलते संक्रमण ने कहर का रूप ले लिया है। एक तरफ इस वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है वहीं दूसरी तरफ कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत का ग्राफ भी तेजी से बढ़ने लगा है।
सोमवार को राज्य भर में कुल नौ कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हो गई। इन नौ मौतों के साथ बिहार में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 217 हो गई है। सूबे में हर दिन औसतन डेढ़ हजार की संख्या में मरीजों का इजाफा हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सोमवार को जारी की गई ताजा रिपोर्ट के अनुसार बिहार में एक बार फिर कुल 1076 कोरोना संक्रमित मरीजों की पहचान की गई है। इसके साथ ही राज्य में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 27,455 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से सोमवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक एक दिन में कुल 1076 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया है कि कि विगत 19 जुलाई को 349 नए कोरोना मरीज मिले हैं। विभाग ने यह भी बताया कि विगत 18 जुलाई या इससे पहले के लंबित 727 लोगों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव पाई गई है। यानी कि कुल मिलाकर 1076 नए संक्रमित लोगों की पहचान की गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा अपडेट के मुताबिक बिहार के हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में कुल 349 नए मामलों के साथ बिहार में पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा अब 27,455 पहुंच गया है। इसमें 16,308 लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में नौ और संक्रमितों की मौत हुई है जिसके कारण मरने वालों का आंकड़ा अब 217 हो गया है।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस हफ्ते मरने वालों की संख्या में काफी वृद्धि दर्ज की गई है। पिछले हफ्ते रिकार्ड 77 मौतें दर्ज की गयीं हैं, जो अबतक किसी भी हफ्ते में मरने वालों के आंकड़े से बहुत ज्यादा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक 13 जुलाई को 12, 14 जुलाई को 17, 15 जुलाई को 14, 16 जुलाई को 6, 17 जुलाई को 17, 18 जुलाई को 4 और 19 जुलाई को 7 मौतें हुईं। बिहार सरकार अपने अधिकारियों के साथ हालात की लगातार समीक्षा कर रही है। फिर भी राज्य के अंदर हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल के नेतृत्व में तीन सदस्यीय केंद्रीय टीम फिलहाल बिहार के दौरे पर है। केन्द्रीय टीम के सदस्यों ने राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक और राजधानी पटना के कंटेनमेंट जोन का जायजा लेने के बाद फिलहाल गया गई थी।





