कोरोना वायरस के कारण आईसीसी टी-20 वर्ल्‍डकप रद्द, आईपीएल का रास्‍ता साफ

नई दिल्‍ली। कोरोना वायरस के चलते अक्टूबर-नवंबर में होने वाला टी-20 वर्ल्ड कप इस साल स्थगित कर दिया गया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) बोर्ड की सोमवार को टेलिकॉन्फ्रेंस के जरिए बैठक में यह निर्णय लिया गया। वहीं इसके साथ ही इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आयोजन का रास्ता भी खुल गया है।

आईसीसी से जारी बयान में कहा गया कि आईसीसी ने ऑस्ट्रेलिया में प्रस्तावित पुरुष टी20 विश्व कप 2020 को कोविड-19 महामारी के कारण स्थगित कर दिया। बता दें कि टी20 विश्व कप का आयोजन 18 अक्टूबर से 15 नवंबर तक होना था।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने मई के महीने में ही आईसीसी को सूचित कर दिया था कि मौजूदा परिस्थितियों में टूर्नामेंट की मेजबानी करना लगभग असंभव होगा और 16 अंतरराष्ट्रीय टीमों के लिए पृथकवास का इंतजाम करना मुश्किल होगा।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खेल मंत्री रिचर्ड कोलबेक ने कहा था कि उनका देश टी-20 वर्ल्ड कप के लिए टीमों की मेजबानी करने की चुनौती से पार पा सकता है, लेकिन मुख्य मुद्दा यह है कि क्या टूर्नामेंट का आयोजन दर्शकों के बिना खाली स्टेडियमों में करना सही होगा।
बता दें कि कोरोना वायरस के कारण जैसे हालात हैं ऐसे में ऑस्ट्रेलिया में इस साल दर्शकों के साथ टी-20 वर्ल्ड कप का आयोजन मुश्किल था और बिना दर्शकों के वर्ल्ड कप जैसे टूर्नामेंट के आयोजन का कोई मतलब नहीं रह जाता, इसलिए इसे स्थगित कर दिया गया।

Back to top button