कैमूर और रोहतास में भारी बारिश से नदियां का जल स्तर बढ़ा, गांव में घुसा पानी

कैमूर। कैमूर, रोहतास, पटना, वैशाली समेत बिहार के कई जिलों में मंगलवार को भारी बारिश हुई। कैमूर में पिछले 24 घंटों में हुए मूसलाधार बारिश से नदियां उफान पर हैं। अचानक बढ़े जल स्तर से पहाड़ी नदियां तबाही मचा रही हैं। कैमूर के कुदरा, भगवानपुर, दुर्गावती रामगढ़ व भभुआ में दो दर्जन के अधिक गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है।

बाढ़ के चलते कैमूर में कई जगह सड़क टूट गए हैं। 650 फीट ऊंची पहाड़ी से होकर माता मुंडेश्वरी धाम जाने वाली सड़क पर बारिश के चलते बड़ा चट्टान पहाड़ी से टूटकर गिरा है, जिससे आवागमन बाधित है। मलबा हटाने के लिए जेसीबी की मदद ली जा रही है।
दूसरी ओर सोमवार रात और मंगलवार सुबह हुई भारी बारिश से रोहतास जिले की नदियां भी उफान पर हैं। तुतला नदी का जलस्तर इतना अधिक बढ़ गया है कि नदी कई जगह जल प्रपात की तरह बह रही है।





