कुश्ती में दादरी के सुजीत का ‘सिक्का’, विश्व में नंबर वन पर…

हरियाणा के चरखी दादरी जिले के छोटे से गांव इमलोटा के पहलवान सुजीत कलकल ने कुश्ती जगत में नया इतिहास रच दिया है। यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (UWW) द्वारा अप्रैल 2026 में जारी ताजा रैंकिंग के अनुसार, सुजीत अब 65 किलोग्राम भारवर्ग में दुनिया के नंबर-1 पहलवान बन गए हैं। 23 वर्षीय सुजीत ने इस रैंकिंग में ईरान के विश्व चैंपियन रहमान मूसा और जापान के ओलंपिक चैंपियन कोतारो कियोका जैसे दिग्गज पहलवानों को पछाड़कर यह गौरव हासिल किया है।
स्वर्ण पदकों का ‘छक्का’ और अभूतपूर्व फॉर्म
सुजीत के लिए वर्ष 2026 असाधारण रहा है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी बादशाहत साबित करते हुए लगातार छह स्वर्ण पदक जीते हैं। सुजीत के पिता और कोच दयानंद कलकल ने बताया कि सुजीत की इस सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत और तकनीकी समझ है। सुजीत को मैट पर अपने खास ‘पेच’ (तकनीकी दांव) के लिए जाना जाता है। 2026 सीजन में सुजीत अब तक अजेय रहे हैं, उन्होंने 10 मैचों में कुल 96 तकनीकी अंक हासिल किए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि उनकी यह लय 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में भारत के लिए पदक की उम्मीदों को सबसे मजबूत बनाती है।
इंजीनियरिंग छोड़ चुनी कुश्ती की राह
दिलचस्प बात यह है कि सुजीत पढ़ाई में भी अव्वल थे। 12वीं कक्षा में 90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले सुजीत कभी इंजीनियर बनना चाहते थे, लेकिन 5 साल पहले उन्होंने पूरी तरह से कुश्ती को अपना करियर चुना और आज वह दुनिया के शिखर पर हैं।





