कुंभ 2019: पाकिस्तानी हिंदुओं के वीजा को लेकर यूपी सरकार ने की खास तैयारी

15 जनवरी से प्रयागराज में शुरू हो रहे कुंभ पर्व में पाकिस्तानी हिंदू भी आएंगे। उनके लिए वीजा को लेकर यूपी के एक मंत्री ने बड़ा खुलासा किया है। दरअसल, उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा है कि कुंभ पर्व में आने के इच्छुक पाकिस्तानी हिंदुओं के लिए वीजा का विशेष प्रबंध किया जाएगा।
जो भी पाकिस्तानी हिंदू कुंभ में शामिल होने की इच्छा जताएगा उसे को हर वह सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी, जिसकी उसको जरूरत होगी। गंगा, यमुना और सरस्वती में स्नान के लिए पाकिस्तान से आने वाले हिंदुओं के साथ-साथ पंजाब के लोगों के लिए भी ट्रांसपोर्टेशन की व्यवस्था की जाएगी। प्रयागराज रेलवे स्टेशन के साथ कुंभ मेला स्थल में भी यात्रियों को ट्रांसपोर्ट की सुविधा दी जाएगी।
मौर्य पंजाब के लोगों को कुंभ मेले में शामिल होने का न्योता देने अमृतसर आए थे। सर्कुलर रोड स्थित एक होटल में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मौर्य ने कुंभ मेले का लोगो जारी कर बताया कि उन्होंने राज्यपाल वीपी सिंह बदनौर सहित मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को यह लोगो भेंट कर कुंभ में शामिल होने का न्योता दिया है, जिसे दोनों ने स्वीकार कर लिया है।
एनडीए के वरिष्ठ नेता पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को न्योता क्यों नहीं दिया गया, इस पर मंत्री कुछ पल खामोश रहने के बाद बोले कि उन्हें भी न्योता देने जाएंगे। उन्होंने कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ ने कुंभ मेले में पंजाबियों को शामिल होने का न्योता देने के लिए उन्हें विशेष रूप से श्री अमृतसर साहिब भेजा है।





