कानपुर टी20 में सभी की निगाहें इन दो खिलाडि़यों पर होगी

भारत और इंग्लैंड के बीच गुरुवार को होने वाले पहले टी20 मैच में सभी की निगाहें अनुभवी सुरेश रैना और आशीष नेहरा पर टिकी रहेंगी। ये दोनों खिलाड़ी एक वर्ष से ज्यादा समय के बाद टीम इंडिया में वापसी कर रहे हैं।
विराट कोहली के नेतृत्व में टीम इंडिया टेस्ट और वन-डे सीरीज अपने नाम कर चुकी है और अब उसके पास टी20 में जलवा दिखाने का मौका है। कोहली इस सीरीज में अनुभवी और युवा खिलाडि़यों के मिश्रण के साथ मैदान में उतरेंगे।
30 वर्षीय रैना और 37 वर्षीय नेहरा के पास इस सीरीज में दमदार प्रदर्शन कर चैंपियंस ट्रॉफी के लिए दावेदारी पेश करने का मौका रहेगा। ये दोनों खिलाड़ी पिछले वर्ष की शुरुआत में टी20 विश्व कप के बाद से टीम इंडिया से बाहर हैं।
इनके पास अपनी उपयोगिता साबित करने का सुनहरा मौका रहेगा। उत्तरप्रदेश के होने की वजह से रैना सभी के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
टीम में जहां रैना और नेहरा जैसे सीनियर खिलाडि़यों की वापसी हुई है, वहीं रिषभ पंत, मनदीप, युजवेंद्र चहल और परवेज रसूल जैसे प्रतिभाशाली क्रिकेटर भी शामिल है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या विराट कोहली खुद ओपनिंग करने उतरेंगे या युवा पंत को मौका देंगे।





